नई दिल्ली। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) क्रिकेट में गुरुवार को इंडिया चैम्पियंस और पाकिस्तान चैम्पियंस के बीच होने वाले सेमीफाइनल मैच से ठीक पहले इसके सबसे बड़े प्रायोजक इजीमायट्रिप ने अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसे में अब इस मैच के आयोजन पर संशय बढ़ गया है। इस प्रायोजक का कहना है कि देश पहले और कारोबार बाद में आता है, इसलिए वह इस टूर्नामेंट से अलग हो गया है। इजीमायट्रिप का कहना है कि वह पाकिस्तान के साथ जुड़े किसी भी मैच में शामिल नहीं होती है।
कंपनी के प्रमोटर ने सोशल मीडिया पर लिखा, हम टीम इंडिया चैम्पियंस की डब्ल्यूसीएलमें शानदार प्रदर्शन के लिए सराहना करते हैं। आपने देश को गौरवान्वित किया है। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल कोई साधारण मैच नहीं है पर आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते, इसलिए हम इस मैच से अलग हुए हैं। हम भारत के साथ खड़े हैं। हम ऐसे किसी भी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते, जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंध सामान्य करने की कोशिश करता हो।उन्होंने आगे लिखा, भारत के लोगों ने अपनी बात रखी है और हम उनकी बात सुन रहे हैं।
इजीमायट्रिप, डब्ल्यूसीएल में भारत-पाकिस्तान मैच से नहीं जुड़ेगा। कुछ चीजें खेल से बड़ी होती हैं। देश पहले, बिजनेस बाद में। इससे पहले, भारतीय खिलाड़ियों के बहिष्कार के बाद भारत-पाक की टीमों के बीच लीग चरण का मुकाबला आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया था। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया, हालांकि इजीमायट्रिप ने डब्ल्यूसीएल के साथ 5 साल का प्रायोजन करार किया है, लेकिन हमारा रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है। हम पाक से जुड़े किसी भी डब्ल्यूसीएल मुकाबले में न तो हिस्सा लेंगे और न ही उससे जुड़ा रहेंगे। हम गर्व के साथ इंडिया चैंपियंस टीम का समर्थन जारी रखेंगे, लेकिन किसी भी ऐसे मैच का समर्थन या प्रचार नहीं करेंगे, जिसमें पाकिस्तान शामिल हो।

