चुनाव आचार संहिता की भेंट चढ़ गई मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना, चुनाव तक सैकड़ों जोड़े नहीं बन पाएंगे जीवन साथी
मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लगी आचार संहिता के कारण मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना पर ग्रहण लग गया है। सरकार ने इस योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
मकड़ाई समाचार विदिशा। जिले के सिरोंज में 31 मई को होने वाला सामूहिक विवाह सम्मेलन टल गया है। इससे विवाह की तैयारी वाले परिवार में चिंता बढ़ गई है। योजना के तहत चयनित गरीबों का कहना अब शादी तो करनी है चाहे जैसे भी हो। जिले में सामूहिक विवाह के लिए 100 आवेदन जमा किए गए थे। आचार संहिता के कारण विवाह टाल दिया गया है। अब उन गरीबों की चिंता बढ़ गई हैं जिनके बेटे-बेटियों का विवाह होना था।
ऐसी स्थिति में क्षेत्र के रहने वाले कई समाजसेवियों और स्थानीय नेताओं ने एसडीएम प्रवीण प्रजापति को लिखित ज्ञापन देकर सम्मेलन कराने की मांग की है। वहीं कई परिजन परेशान दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का कहना है कि अब विवाह कैसे होगा हमारी स्थिति ऐसी नहीं है कि हम विवाह कर सकें। कुछ लोगों से उधार लेकर विवाह की तैयारी में जुटे हैं। सिरोंज की अयोध्या बस्ती में रहने वाली हल्की बाई का कहना है विवाह टलने की बात सुनकर मेरी तो नींद ही उड़ गई है। मैंने पिछले 2 दिनों से खाना नहीं खाया है।
इधर प्रदेश के धार जिले में भीआचार संहिता लागू होने से मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह स्थगित कर दिया गया है। जिले में आचार संहिता लागू हो चुकी है।

