इंडस्ट्री को सशर्त छूट के बावजूद ऑटो कंपनियां प्रोडक्शन शुरू नहीं कर रहीं
नई दिल्ली. लॉकडाउन के बीच सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की सीमा से बाहर स्थित इंडस्ट्री को 20 अप्रैल से काम शुरू करने की छूट दे दी है। लेकिन, मारुति सुजुकी, ह्युंडई, टोयोटा और होंडा जैसी प्रमुख कार कंपनियों ने प्रोडक्शन शुरू नहीं किया है। उनका कहना है कि ऑपरेशन शुरू करने के लिए कंपोनेंट होना जरूरी है। देशभर में लॉकडाउन की वजह से दिक्कत आ रही है।
मारुति का दो प्लांट में प्रोडक्शन शुरू करने पर विचार
कोविड-19 की वजह से ऑटो कंपनियों में करीब एक महीने से प्रोडक्शन बंद है। ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली प्रमुख फैक्ट्रियां और सेल्स आउटलेट भी बंद हैं। मारुति का कहना है कि वह हरियाणा के दो प्लांट में जल्द काम शुरू करने का विचार कर रही है। मारुति के चेयरमैन आरसी भार्गव का कहना है कि कंपोनेंट की उपलब्धता पर विचार कर रहे हैं। काम शुरू करने में कितना वक्त लगेगा, यह तय करने में कुछ दिन का वक्त लगेगा। मारुति का मानेसर प्लांट म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की सीमा से बाहर है।
प्रोडक्शन शुरू करने से पहले डिस्टेंसिंग, हेल्थ स्क्रीनिंग की तैयारियां
होंडा कार्स इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एंड डायरेक्टर (मार्केटिंग एंड सेल्स), राजेश गोयल का कहना है कि कंपनी का टपूकड़ा प्लांट ग्रीन जोन इलाके में आता है लेकिन, प्रोडक्शन शुरू करने पर फैसला बाद में लिया जाएगा। फिलहाल टीम ऑपरेशन शुरू करने से पहले डिस्टेंसिंग, हेल्थ स्क्रीनिंग, ट्रांसपोर्टेशन और कैंटीन की व्यवस्था में जुटी है। प्रोडक्शन सप्लाई चेन और डीलर्स पर भी निर्भर करेगा जो कि अभी काम नहीं कर रहे।
लॉकडाउन पर अगले आदेश का इंतजार: टोयोटा किर्लोस्कर
ह्युंडई मोटर्स का कहना है कि हालातों पर नजर रखते हुए समीक्षा कर रहे हैं। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर का कहना है कि लॉकडाउन को लेकर सरकार के अगले आदेश का इंतजार किया जाएगा। लॉकडाउन की वजह से अभी ज्यादातर ऑटो डीलर और सप्लायर ने काम बंद कर रखा है।

