हरदा/टिमरनी। नवरात्र पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए टिमरनी पुलिस लगातार मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही है। थाना क्षेत्र के नगर एवं ग्रामीण अंचलों में स्थापित देवी प्रतिमाओं, भोलेनाथ मंदिर, साईं बाबा दरबार और गरबा मंडलों में पुलिस बल तैनात किया गया है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रतिमा स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पुलिस टीम लगातार विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है।
नाबालिग वाहन चालकों पर भी पुलिस की नजर
नवरात्र के दौरान तेज गति से वाहन चलाने वालों और नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है।
एसडीओपी और थाना प्रभारी कर रहे निरीक्षण
प्रभारी एसडीओपी अरुणा सिंह एवं थाना प्रभारी मुकेश गौड़ के नेतृत्व में पुलिस दल विभिन्न मंडलों में ड्यूटी निभा रहा है। एसडीओपी और थाना प्रभारी स्वयं आयोजन स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं तथा पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।

