एमडी पाउडर केस में नया मोड़! भाजपा नेताओं ने पुलिस को घेरा किये सवाल , आखिर किस पुलिसकर्मी को बचा रही है पुलिस ? कथित मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी क्यों न हुई ?
मंडल अध्यक्ष अनिल राजपूत और पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए गंभीर आरोप, नवागत एसपी अंकित जायसवाल से निष्पक्ष जांच की मांग
सिराली। सिराली थाना क्षेत्र में 7 ग्राम एमडी पाउडर के साथ नारायण बांके गुर्जर की गिरफ्तारी का मामला अब गरमा गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल राजपूत एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। नेताओं ने जहां प्रदेश में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना की, वहीं सिराली में हुई गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप है कि एमडी पाउडर के कथित मुख्य सप्लायर को बचाकर नारायण गुर्जर को कार्रवाई का निशाना बनाया गया है।
■ 7 ग्राम एमडी पाउडर के साथ हुई थी गिरफ्तारी –
जानकारी के अनुसार, विगत 7 तारीख को दोपहर करीब 3 बजे बीड़ रोड़ से रोलगांव मार्ग पर हरदा पुलिस को मुखबिर से एमडी पाउडर की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद हरदा एवं सिराली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नारायण बांके गुर्जर को बजाज पल्सर बाइक के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 7 ग्राम एमडी पाउडर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस आरोपी को सिराली थाने लेकर पहुंची, जहां उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के संबंध में कई दिनों से सूचनाएं मिल रही थीं, लेकिन उसकी पहचान और मुखबिर की सूचना की पुष्टि नहीं हो पा रही थी। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
■ आरोपी ने कथित सप्लायर का नाम बताया, फिर कार्रवाई क्यों नहीं?
भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल राजपूत के अनुसार, आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय उन्होंने उससे बातचीत की थी। इस दौरान नारायण गुर्जर ने कथित रूप से एमडी पाउडर खरीदने और उसका सेवन करने की बात स्वीकार की। साथ ही उसने बताया कि एक व्यक्ति ने उसे फोन कर बुलाया था और उसके साथ धोखा किया गया।
नेताओं का दावा है कि आरोपी द्वारा संबंधित व्यक्ति का नाम बताए जाने के बावजूद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कथित मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी की मांग की है।
■ प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए पांच प्रमुख सवाल
◆. कथित सप्लायर पर कार्रवाई क्यों नहीं? जब नारायण गुर्जर ने एमडी पाउडर उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति का नाम बताया था, तो पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार क्यों नहीं किया?
◆. कॉल रिकॉर्डिंग की जांच हो: काकरिया निवासी राजू और पुलिसकर्मी धनगर के बीच हुई कथित बातचीत की कॉल डिटेल एवं रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
◆. गिरफ्तारी की जगह को लेकर सवाल: जब हरदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिल चुकी थी, तो आरोपी को हरदा सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सीमा में ही गिरफ्तार करने के बजाय सिराली पुलिस के माध्यम से कार्रवाई क्यों कराई गई?
◆. मोबाइल की जांच का खुलासा हो: आरोपी के मोबाइल में किन-किन लोगों से बातचीत हुई और क्या उसमें एमडी पाउडर के कथित सप्लायर से जुड़े नंबर मिले? यदि मिले तो संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ क्यों नहीं की गई?
◆. पुरानी कहासुनी की जांच हो: नेताओं ने आरोप लगाया कि करीब आठ दिन पहले नारायण गुर्जर और सिराली पुलिस के बीच हुई कथित कहासुनी के बाद उसकी कमजोरी का पता लगाकर उसे फंसाया गया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अन्य युवकों से कथित वसूली का आरोप भी लगाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंदी मुहाड़िया से अंकित गुर्जर एवं सुमित गुर्जर को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए ले जाने का मामला भी उठाया गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि दोनों को जेल भेजने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूली गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। नेताओं ने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
एसपी अंकित जायसवाल से निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा नेताओं ने हरदा के नवागत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जिले में एमडी पाउडर, चरस, गांजा, जुआ और सट्टे जैसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगना चाहिए। नशे के कारोबार में शामिल वास्तविक आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि जिले के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

