मकड़ाई समाचार भोपाल |राजधानी के छोला मंदिर इलाके में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित को किशोरी पहले से जानती है। आरोपित युवक ने 31 जनवरी को डरा-धमकाकर किशोरी के साथ उसके घर में दुष्कर्म किया था। दो दिन पहले वह फिर किशोरी के घर पहुंच गया। इसके बाद किशोरी घटना के बारे में अपनी मां को बता दिया। इसके बाद किशोरी के स्वजन के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है।
छोला मंदिर थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने नौवीं तक पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़ दी है। कोरोना काल में वह सलामतपुर में रहने वाले अपने मामा के घर रहने चली गई थी। वहां उसका परिचय अनिकेत नाम के युवक से हो गया था। लाकडाउन खुलने के बाद किशोरी अपने घर लौटकर आ गई थी। 31 जनवरी 2023 को अनिकेत भोपाल आया था। उसने किशोरी को घर में अकेला पाकर डरा-धमकाकर दुष्कर्म कर दिया था। डर के कारण किशोरी ने स्वजन को नहीं बताया था। दो दिन पहले अनिकेत फिर किशोरी के घर पहुंचा, तो उसने घटना के बारे में अपनी मां को बता दिया।