प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश की पहली सी प्लेन सेवा का केवडिया में शुभारंभ किया। इसी के साथ देश में केवडिया-साबरमती रिवरफ्रंट सी प्लेन सेवा की शुरुआत हो गई। पीएम मोदी ने अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन आज स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर जाकर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वे इसके बाद राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में उन लोगों पर निशाना साधा, जिन्होंने पुलवामा की घटना पर भी राजनीतिक स्वार्थ ढूंढने की कोशिश की थी।
सिविल सर्विसेज प्रोबेशनर्स से बोले पीएम मोदी- सीखना होगा कि संकट से कैसे निपटें
पीएम मोदी ने सिविल सर्विसेज प्रोबेशनर्स से कहा कि आप भारत की विकास यात्रा के जिस कालखंड में हैं, वो बहुत विशेष है। एक साल पहले की तुलना में स्थितियां बदल चुकी है। संकट के इस समय में देश ने और देश की व्यवस्थाओं ने जिस तरह से काम किया है, उससे आपने भी बहुत कुछ सीखा होगा। यह सीखना होगा कि संकट से कैसे निपटें। अधिकारियों के फैसले देशहित में होना चाहिए।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों को एक किया। सरदार पटेल ने देश को वर्तमान स्वरूप प्रदान किया। उनकी जन्म जयंती पर देश उनको नमन करता है। कोरोना वायरस संक्रमण ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। कोरोना काल में हमारी एकजुटता सरदार वल्लभभाई पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पुलवामा की घटना पर भी लोगों ने राजनीतिक स्वार्थ ढूंढने का प्रयास किया। पिछले दिनों पड़ोसी देश की संसद में सत्य स्वीकारा गया है और इस वजह से इन लोगों के असली चेहरे सामने आ गए। जब अपने वीर बेटों के जाने से पूरा देश दुखी थी, तब कुछ लोग पुलवामा हमले में भी अपना राजनितिक स्वार्थ देख रहे थे। देश भूल नहीं सकता कि उस दौरान कैसे-कैसे बयान दिए गए।
उन्होंने कहा, केवडिया में पिछले कुछ दिनों में जो विकास कार्य हुए, उससे यह स्थान दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर छाने वाला है। आज सरदार सरोवर से साबरमती फ्रंट तक सी-प्लेन सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है। सरदार पटेल के दर्शन के लिए, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखने के लिए देशवासियों को अब सी-प्लेन सर्विस का विकल्प भी मिलेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी ने शनिवार को सुबह देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। सरदार पटेल की 145वीं जयंती के अवसर पर श्री मोदी ने उनकी पदपूजा की।
उन्होंने इससे पहले ट्वीट कर लिखा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के अग्रदूत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जन्म जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में हुए शामिल :
पीएम मोदी इसके बाद स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में भी शामिल हुए। उन्होंने जनता को एकता शपथ भी दिलाई। परेड से पहले राष्ट्रगान हुआ और उसके बाद केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवानों ने अपना कौशल दिखाया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया।