मकड़ाई समाचार उमरिया। पिछले दो साल से अपनी एक छात्रा को हवस का शिकार बना रहे शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए शिक्षक की यह हरकत कोई नई नहीं है बल्कि वह इसी तरह के एक मामले में चार साल पहले भी आरोपित बन चुका है। बताया गया है कि पिछले दो साल से कलयुगी शिक्षक अपने किराए के मकान में विद्यालय की एक छात्रा के साथ दैहिक शोषण कर रहा था। आरोपित शिक्षक का नाम जगदीश सिंह गोंड निवासी मरदरी बताया गया है।
देता था धमकी : शिक्षक द्वारा किए जा रहे इस घृणित कार्य का पिछले दो सालों में पीड़िता ने कई बार विरोध किया। परंतु आरोपित शिक्षक द्वारा की जा रही मारपीट एवं जान से मारने की धमकी से दहशत में आई पीड़ित छात्रा लगातार प्रताड़ित और ज्यादती का शिकार होती रही। जब उससे यह ज्यादती और बर्दाश्त नहीं हुई तो बाद उसने इस मामले की शिकायत अपने स्वजन से कर दी और उन्हें पूरी घटना विस्तार से बता दी।
पहुंची थाने : स्वजन की मदद से पीड़ित छात्रा ने संबंधित कोतवाली पुलिस से इस मामले की विधिवत लिखित शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने आरोपित शिक्षक जगदीश सिंह गोंड निवासी मरदरी के विरुद्ध इंडियन पीनल कोड एवं पाक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। अतिसंवेदनशील इस मामले में पुलिस ने आरोपित शिक्षक को बुधवार की दोपहर गिरफ्तार भी कर लिया है।
लगातार ज्यादती : पीड़ित छात्रा वर्ष 2020 से वर्ष 2021 अगस्त माह तक लगातार ज्यादती का शिकार होती रही है। आरोपित शिक्षक पर वर्ष 2017 में भी ऐसे ही गंभीर आरोप लगे थे। जिस पर विधिवत प्रकरण भी पंजीबद्ध किया गया था। हालांकि इस प्रकरण के बाद आरोपित शिक्षक को प्रबंधन ने विद्यालय से पृथक कर दिया था।

