मकड़ाई एक्सप्रेस 24 छतरपुर| जिले में स्थित बागेश्वर धाम से श्रद्धालु लगातार गायब हो रहे हैं। इस साल के पहले 4 महीनों में ही 21 लोग गायब हो चुके हैं। इनमें से 12 का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उनकी तलाश में परिजन धाम के कार्यालय और पुलिस थानों के चक्कर लगा रहे हैं। गढ़ा गांव में स्थित बागेश्वर धाम लगातार सुर्खियों में है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की लोकप्रियता चरम पर है। वे देशभर में घूम-घूमकर रामकथा कर रहे हैं। उनके दिव्य दरबार में लाखों की भीड़ जुटती है। हर मंगलवार और शनिवार को बागेश्वर धाम में धीरेंद्र शास्त्री का दरबार लगता है जिसमें देश के कोने-कोने से लोग पहुंचते हैं। ताज्जुब ये है कि अपनी मुरादें लेकर यहां आने वाले लोग लगातार गायब हो रहे हैं। पुलिस भी उनका सुराग नहीं ढूंढ पा रही है।
4 महीने में 21 लापता – बमीठा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक इस साल जनवरी से लेकर अब तक 21 लोग बागेश्वर धाम से गायब हो चुके हैं। इनमें से नौ को पुलिस और परिजनों ने ढूंढ निकाला, लेकिन 12 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश में परिजन बागेश्वर धाम और थाने के चक्कर काट रहे हैं।