सारण। छपरा में एक महिला के मौत को मात देकर बचने की हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। महिला के ऊपर से एक के बाद एक तीन ट्रेने गुजर गई, लेकिन महिला को खरोच भी नहीं आई। इस हैरतअंगेज करिश्मे को जिसने भी सुना वह हैरान रह गया। महिला के ट्रेन के नीचे आने के बाद बचने की खबर इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। महिला को बाद में पुलिस ने तहकीकात करने के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक छपरा-सिवान रेलखंड पर भोला ढाला के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला बेहोश होकर गिर गई। उस महिला पर किसी की नजर नहीं पड़ी। इस दौरान दो मालगाड़ी सहित तीन ट्रेनें उस ट्रैक से गुजरीं, लेकिनमहिला को खरोंच तक नहीं आई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात की-एक रेलवे कर्मचारी की नजर ट्रैक पर गिरी महिला पर पड़ी तो उसने शोर मचाया। उसके बाद वहां पर काफी वहां भीड़ जुट गई। लोगों ने महिला को वहां से हटाया और तत्काल दाउदपुर स्टेशन मास्टर को इसकी इत्तला दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर स्थानीय पुलिस वहां पर पहुंची। पुलिस ने महिला की पहचान कर उसके स्वजनों को बुलाया, फिर उसे उनके हवाले कर दिया।
महिला की पहचान सारण के कोपा थाना क्षेत्र की चिंता देवी के रूप में की गई है। उसने बताया कि उसके भाई बच्चा महतो के गायब होने की सूचना मिलने पर वह अपनी मां कमलावती देवी के साथ उसे ढूंढने के लिए निकली थी। कड़ी धूप की वजह से मां एक जगह रुककर आराम करने लगी। जबकि, चिंता देवी रेलवे ट्रैक के बीच चलते हुए सिवान की ओर बढ़ चली। इसी दौरान वह बेहोश होकर रेल ट्रैक के बीचोबीच गिर गई।