नई दिल्ली: मिजोरम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बॉलीवुड के दंबग अभिनेता सलमान खान दांव लगाया है। दरअसल बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान मिजोरम विधानसभा चुनाव में के भाजपा के लिए प्रचार करेंगे। सलमान के प्रचार के लिए मिजोरम में 28 नवंबर की तारिक तय की गई है।
हालांकि भारतीय जनता पार्टी की तरफ से चुनाव आयोग को दी गई पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सलमान ख़ान का नाम नहीं है लेकिन राज्य में भाजपा की कमज़ोर स्थिति को देखते हुए पार्टी को मिजोरम में सलमान ख़ान की लोकप्रियता का ही आसरा है।
सलमान ख़ान गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और अपने दोस्त किरण रिजिजू के साथ असाम रवाना हो गए और डिब्रूगढ़ से हेलीकॉप्टर के द्वारा मिजोरम जाएंगे।
सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत की लुधियाना में शूटिंग चल रही है और गुरुवार को सुबह अचानक सलमान ख़ान हलवारे के एयरफोर्स स्टेशन से असम के लिए रवाना हुए। सलमान को लेने के लिए किरण रिजिजू भी हलवारा एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे थे।