देश की राजधानी दिल्ली में रविवार की सुबह कोहरे जैसा छा गया, और सुबह-सुबह ही अंधेरा हो गया। दरअसल धूल के कणों की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई और हवा में खासी सघनता आ गई। दिल्ली के कई इलाकों में यह कोहरा देखा गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। सुबह साढ़े आठ बजे शहर में आर्द्रता 66 प्रतिशत दर्ज की गई। IMD के अनुमान के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा।
मौसम विज्ञान विभाग ने ये भी बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली से सटे हरियाणा के कई इलाकों में आज बारिश हो सकती है। आज हरियाणा के नारनौल, बवाल, फतेहाबाद और राजस्थान के कोटपुतली, खैरताल, राजगढ़ और इससे सटे इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में भी गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।हरियाणा में कुछ जगहों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अगले कुछ घंटों के दौरान रेवाड़ी, भिवाड़ी, मानेसर (हरियाणा) और आसपास के इलाकों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।