सतना: शहर में मिले 4 नए कोरोना मरीजों समेत जिले में 16 नए केस, जेल में एक और बंदी संक्रमित, मैहर में 6 पॉजिटिव
सतना शहर में 5,मैहर में 6,नागौद में 2 ,कोटर और उचेहरा में मिले एक – एक कोरोना पेशेंट, सेंट्रल जेल का एक और बंदी निकला संक्रमित
सतना। कोरोना वायरस covid 19 का सतना में बुधवार को एक और ब्लास्ट हुआ है। जिले में एक साथ एक दिन में 16 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमे सतना शहर में जिला अस्पताल के एक डॉक्टर समेत 5 पॉजिटिव केस हैं तो 6 पेशेंट मैहर के हैं। नागौद में 2 तथा कोटर और उचेहरा में एक – एक कोरोना संक्रमित मरीज का पता चला है। सबसे गंभीर मसला बेहद सुरक्षित समझी जा रही जेल में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने का है। सेंट्रल जेल में भी एक और बंदी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सतना शहर के बांधवगढ़ , कृष्ण नगर, सिंधी कैम्प और सिविल लाइन में मिले कोरोना मरीज
सतना शहर के लिए भी बुधवार को रीवा के वायरोलॉजी लैब से आई जांच रिपोर्ट बुरी खबर लेकर आई। सुबह तक अंडर प्रोसेस रहे सेम्पलों की आगे बढ़ी जांच में सतना शहर में 4 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इन मरीजों में बांधवगढ़ कॉलोनी में रहने वाले सिंह परिवार का 15 वर्षीय किशोर शामिल है तो सिविल लाइन में रहने वाले सिंह परिवार का अंग्रेजी टाइप के नाम वाला 29 वर्षीय युवक भी कोरोना पेशेंट निकला है। कृष्ण नगर के पटेल परिवार के 39 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण पाया गया है जेबकी सिंधी कैम्प के गंगवानी परिवार के 72 वर्षीय बुजुर्ग को भी वायरस ने अपनी चपेट में लिया है। खबर है कि बुजुर्ग को रीवा रेफर किया गया है। इन सब के अलावा जिला अस्पताल में ही ट्रू नॉट से हुई जांच में सतना जिला अस्पताल के नाक कान एवं गला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक भी कोरोना संक्रमित निकले हैं।
केंद्रीय जेल में संक्रमण पकड़ रहा रफ्तार,अप्रैल से बंद एक और बंदी निकला कोरोना पॉजिटिव
सेंट्रल जेल में भी कोरोना वायरस ने रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जेल में बंद एक 47 वर्षीया ताला निवासी महिला बंदी और मैहर से शिफ्ट किये गए 24 वर्षीय पुरुष बंदी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अब एक और बंदी के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। चित्रकूट क्षेत्र के सती अनुसुइया का रहने वाला 23 वर्षीय यह बंदी एडी एक्ट के तहत गत अप्रैल माह से जेल में निरुद्ध है। बड़ा सवाल यह है कि जब जेल में तमाम एहतियाती इंतजाम किए जा रहे हैं, नए बंदियों को आइसोलेशन वार्ड में रखा जा रहा है और पैरोल पर गए लोगों की वापसी भी नही कराई जा रही है तब जेल में कोरोना वायरस का संक्रमण आखिर कैसे फैल रहा है? क्या तमाम एहतियातो के बीच भी कहीं कुछ गड़बड़ है ?
सतना जिला अस्पताल में कैदी की कोरोना जांच कराने ले कर पहुंचे पुलिस कर्मी
मैहर में संक्रमित लाइन मैन के 3 किरायेदारों समेत 6 नए केस
मैहर में कोरोना का संक्रमण कम होता नजर नही आ रहा है। शायद ही कोई ऐसी रिपोर्ट आ रही हो जिसमें मैहर के मरीज न निकल रहे हों। बुधवार को रीवा से आई जांच रिपोर्ट में भी मैहर में 6 नए पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई है। इनमे से 3 मरीज बिजली कंपनी के लाइन मैन की कांटेक्ट लिस्ट के हैं और उसके किरायेदार हैं। रेलवे कॉलोनी मैहर में रहने वाले सिंह परिवार के 42 वर्षीय पुरुष के अलावा शुक्ला परिवार के 21 वर्षीय युवक और 26 वर्षीया महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए लाइन मैन के किरायेदार बताये जाते हैं। इसके अलावा मैहर के समीप ग्राम कुसेड़ी में भी कुशवाहा परिवार के 24 वर्षीय युवक के भी कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
मैहर में कियोस्क संचालक और पंचर बनाने वाला भी पॉजिटिव
मैहर में मिले 6 नए कोरोना मरीजों में एक कियोस्क संचालक और एक पंचर बनाने वाला भी शामिल है। मैहर के वार्ड नंबर 18 में रहने वाले सिंह परिवार के 36 वर्षीय शख्स की मैहर घण्टाघर के आगे नगर पालिका की बिल्डिंग में दुकान है जहां वह कियोस्क संचालित करता है। बताया जाता है कि 2 दिन पहले तक वह दुकान में बैठ रहा था। इसके अलावा मुस्लिम परिवार भी 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला है। वह बीड़ी कारखाना के पास पंचर बनाने की दुकान चलाता है।
मैहर में कंटेन्मेंट एरिया घोषित कर कोरोना संक्रमितों के निवास क्षेत्र पर आवागमन प्रतिबन्धित किया गया है।
नागौद में पैथोलॉजी संचालक पॉजिटिव,सेम्पल के बाद भी चलाता रहा लैब, सतना के गढ़िया टोला की महिला भी नागौद में मिली संक्रमित
नागौद में मिले 2 कोरोना संक्रमितों में से एक 72 वर्षीया मुस्लिम परिवार की बुजुर्ग महिला मूलतः सतना शहर के गढ़िया टोला की रहने वाली है। उसका भाई अस्पताल में ड्राइवर है ,बकरीद के समय वह नागौद अपने भाई के पास गई थी जहां तबियत बिगड़ने पर उसके सेम्पल लिए गए थे। जांच रिपोर्ट में उसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा नागौद में अग्रवाल परिवार के 42 वर्षीय एक और शख्स को कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह व्यक्ति नागौद में पैथोलॉजी लैब चलाता है। पता चला है कि सेम्पल देने के बाद भी दो दिन तक यह होम क्वारन्टीन होने के बजाय पैथोलॉजी चला रहा था और लोगों की जांच कर रहा था। बड़ा सवाल यह है कि उसे इस तरह की लापरवाही की छूट उसे प्रशासन ने कैसे दे दी ?
मैहर कंटेन्मेंट एरिया उचेहरा में दिल्ली से लौटा युवक पॉजिटिव
उचेहरा में एक युवक पॉजिटिव मिला है तो कोटर में भी वार्ड नंबर 3 में रहने वाले मिश्रा परिवार के 63 वर्षीय सीनियर सिटीजन की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है ।उचेहरा के वार्ड नंबर 9 में रहने वाला श्रीवास्तव परिवार का 38 वर्षीय युवक दिल्ली से लौटा था जिसके बाद उसने 1 जुलाई को स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर अपनी जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। युवक की कांटेक्ट लिस्ट में 6 लोग हैं। अब उन्हें भी जांच के दायरे में लिया जाएगा।

