शुक्रवार रात करीब पौने 8 बजे स्पेशल ट्रेन में हुई घटना
मकड़ाई समाचार हरदा। शुक्रवार रात करीब पौने 8 बजे कानपुर से बलसाड़ की और जा रही स्पेशल ट्रेन से एक महिला यात्री गिर गई। घबराए परिजनों को जब काफी देर बाद पता चला तो मसनगांव भिरंगी के बीच करीब 15 मिनट तक ट्रेन को रोके रखा। महिला का शव मसनगांव के पास मिलने की पुष्टि के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। उरई निवासी जगराम ने बताया वह अपने भतीजे महेंद्र व परिवार की महिलाओं के साथ ट्रेन नंबर 9244 कानपुर के एस -5 कोच में बलसाड़ जा रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य संगीता व दयालू बाई पति धनीराम 61 वर्ष दूसरे कोच में बैठे थे। करीब 7:30 बजे दयालुबाई संगीता के साथ टॉयलेट गई। टॉयलेट का दरवाजा बंद था तो दयालुबाई अगले कोच में चली गई। इस दौरान अचानक दरवाजे से नीचे जा गिरी। 10 मिनिट बाद भी जब दयालुबाई नही लौटी, तब परिजनों ने दूसरे कोच में जाकर खोजबीन की। तब किसी यात्री ने बताया कि कोई महिला ट्रेन से गिरी है। इसके बाद परिजनों ने चेन खिंचकर ट्रेन रोकी। रेलवे सूत्रों के अनुसार दयालुबाई का शव मसनगांव के पास मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ व सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में रेलवे अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे है।