लड़की ने अपने स्कूल की टीचर और प्रिंसिपल को सुनाई आपबीती
मुंबई। मुंबई में एक 16 साल की लड़की से उसके पिता और भाई द्वारा 2 साल से ज्यादा समय तक रेप करने का हैवानियत भरा मामला सामने आया है। मामला तब सामने आया, जब लड़की ने अपने स्कूल की टीचर और प्रिंसिपल को आपबीती सुनाई। स्कूल के अधिकारियों ने एक NGO से संपर्क किया, जिसके बाद लड़की को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक लड़की की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़िता ने कहा कि उसके 43 साल के पिता ने जनवरी 2019 में पहली बार उसका यौन शोषण किया था। जब वह अकेले सो रही थी। इसके बाद उसके 20 वर्षीय भाई ने भी उसके साथ छेड़छाड़ और फिर यौन शोषण करना शुरू कर दिया और यह सलिसिला करीब दो साल से चल रहा था।
पीड़िता ने बताया कि उसे डर था कि उसके पिता और भाई उसकी छोटी बहन का भी यौन शोषण करेंगे, यही वजह है कि उसने अपनी टीचर को आपबीती बताने का फैसला किया। लड़की की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों पर पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पिता और भाई को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने गुनाह कबूला, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।