हरदा। कृषि उपज मंडी हरदा में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया की अध्यक्षता में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अपर कलेक्टर के.सी. परते उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंडी सचिव महेश कुमार पाटिल, मंडी निरीक्षक एवं कार्यक्रम प्रभारी हरनारायण भिलाला, मंडी ओआईसी चंद्रप्रकाश भलावी सहित मंडी कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड, गणमान्य नागरिक, व्यापारी, हम्माल एवं तुलावटियों ने सहभागिता की।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थितजनों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों एवं शहीद सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ देशभक्ति गीतों ने माहौल को देशप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। दीपक गौर (बाचू सर), रमेश गोंड, नरेंद्र देवड़ा एवं सचिन ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
चंचलेश पटेल ने संक्षिप्त संबोधन में देश की समस्याओं के समाधान और कर्मचारियों को अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते हुए मंडी के हित को सर्वोपरि रखकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में मंडी निरीक्षक मनीष मौर्य एवं नरेंद्र देवड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर मंडी ओआईसी चंद्रप्रकाश भलावी ने सभी आगंतुकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। समापन के बाद उपस्थितजनों के लिए चाय-पान एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

