लॉडरहिल। जेसन होल्डर (चार विकेट/16 रन ) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर वेस्टइंडीज ने रविवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में पाकिस्तान को दो विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबरी कर ली है। 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने 26 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। ऐलेक ऐथनेज (दो) और जेवेल एंड्रयू (12) रन बनाकर आउट हुये। शरफेन रदरफोर्ड (छह),कप्तान शाई होप (21), रॉस्टन चेज (16), केसी कार्टी (तीन) और रोमारियो शेफर्ड (15) रन बनाकर आउट हुये। गुडाकेश मोती ने 20 गेंदों में दो छक्कों और एक चौके की मदद से वेस्टइंडीज के लिए सर्वाधिक 28 रन बनाये। जेसन होल्डर ने 10 गेंदों में एक चौके और एक छक्का लगाते हुए 16 रनों की नाबाद मैच विजयी पारी खेली। होल्डर ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। शमार जोसेफ दो रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 135 रन बनाकर दो विकेट से मुकाबला जीत लिया। जेसन होल्डर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने तीन और सैम आयूब ने दो विकेट लिये। शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मकीम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 21 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। सैम अयूब (सात), साहिबजादा फरहान (तीन) को जेसन होल्डर ने आउट किया। मोहम्मद हासिर चार रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद फखर जमान और कप्तान आगा सलमान ने पारी को संभालने प्रयास किया। पाकिस्तान का चौथा विकेट 10वें ओवर में फखर जमान (20) के रूप में गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये हसन नवाज ने आगा सलमान के साथ तेजी के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन जोड़े। 16वें ओवर में होल्डर ने हसन नवाज को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। हसन नवाज ने 23 गेंदों में चार छक्के और एक चौका लगाते हुए 40 रन बनाये। आगा सलमान 33 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 38 रनों की पारी खेली। वेस्टइंडीज के गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 133 रन का स्कोर बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर ने 19 रन देकर चार विकेट लिये। गुडाकेश मोती को दो विकेट मिले। अकील हुसैन, शमार जोसेफ और रॉस्टन चेज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

