रतलाम। सावन का महीना खत्म हो चुका है, फिर भी मध्य प्रदेश में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही हैं. एमपी के रतलाम में बारिश का रौद्र रूप देखने को मिला है। जिले में सिर्फ 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से पूरे शहर में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सैलाना के केदारेश्वर मंदिर भी भारी बारिश के कारण जलमग्न हो चुका है।
जलमग्न हुआ केदारेश्वर मंदिर
रतलाम जिले में 20 अगस्त, बुधवार को 2 घंटे भारी बारिश के बाद पूरे जिले में जलभराव हो गया है। मूसलाधार बारिश की वजह से रतलाम जिले के सैलाना के अडवानिया गांव में स्थित केदारेश्वर मंदिर झरने से पानी का भारी सैलाब उमड़ आया। पानी के भारी सैलाब से केदारेश्वर मंदिर जलमग्न हो गया।
पानी में डूबे मंदिर का स्थानीय लोगों ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी का भारी सैलाब झलने से नीचे गिर रहा है। वहीं झरने से गिर रहे पानी से मंदिर पूरी तरह डूब चुका है। पूरी तरह से जलमग्न हो चुके मंदिर में पानी आना थम नहीं रहा है और झरने से पानी की डरावनी आवाज सुनाई दे रही है।
भारी बारिश से पूरे नगर में जलभराव
भारी बारिश के चलते पूरे शहर में जलभराव की स्थिति बन गई है. सैलाना ब्रिज, दो बत्ती चौराहा, न्यू रोड, शास्त्री नगर समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव देखने को मिल रहा है. बारिश के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की सड़कों में पानी भरने की वजह से लोगों के वाहन आधे आधे डूब गए है।

