गांव में पसरा मातम, चार शव मिलने से हड़कंप
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवलपुर मिश्रौलिया गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपने ही पांच बच्चों के साथ फांसी लगाने की कोशिश की। इस हादसे में पिता समेत तीन मासूम बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो छोटे बेटे किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। एक ही परिवार में चार मौतों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान अमरनाथ राम के रूप में
मृतक की पहचान अमरनाथ राम (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात अमरनाथ ने घर के अंदर अपनी तीन बेटियों राधा कुमारी (11), राधिका (9) और शिवानी (7) के साथ फांसी लगा ली। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पत्नी की पहले हो चुकी थी मौत
परिजनों के अनुसार अमरनाथ की पत्नी का कुछ समय पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह अकेले ही अपने पांच बच्चों की परवरिश कर रहे थे। घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी और वही परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने दोनों बेटों शिवम कुमार (6) और चंदन (4) को भी फांसी लगाने के लिए कहा था।
बचे बेटे ने सुनाई पूरी घटना
घटना में बच गए बड़े बेटे शिवम ने पुलिस को बताया कि रविवार रात सभी ने एक साथ खाना खाया था। खाने में अंडे की भुजिया, आलू-सोयाबीन की सब्जी और चावल थे, जिसे बड़ी बहन ने बनाया था। रात के समय पिता ने सभी बच्चों को जगा दिया। उस वक्त शिवम मोबाइल देख रहा था।
दर्द सहन न होने पर बची जान
शिवम के अनुसार पिता ने मां की साड़ी से सभी बच्चों के गले में फंदा डालकर ट्रंक पर चढ़ाया और छत से लटका दिया। इसके बाद कूदने को कहा गया। तीनों बहनें पिता के साथ कूद गईं। शिवम को फंदे से तेज दर्द होने लगा तो उसने किसी तरह फंदा ढीला किया और खुद को बाहर निकाला। इसके बाद उसने छोटे भाई चंदन को भी बचाया और घर से बाहर निकलकर शोर मचाया।
पुलिस जांच में जुटी, कारणों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

