भोपाल: पार्किंग विवाद में ट्रेवल्स संचालक और महिला मित्र पर जानलेवा हमला, सरेराह बेल्ट और डंडों से पीटा
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 भोपाल, मध्य प्रदेश। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पना नगर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दबंगों ने एक ट्रेवल्स एजेंसी संचालक, उसके भाई और उनकी एक महिला मित्र के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पार्किंग को लेकर उपजा विवाद
घटनाक्रम के अनुसार, माधवी अपार्टमेंट निवासी विजय कुमार मिश्रा (25), जो ट्रेवल्स एजेंसी चलाते हैं, अपने भाई विनीत और मित्र पूर्णिमा दुबे के साथ इंद्रपुरी से लौट रहे थे। जब वे अपने किराए के मकान के पास पहुंचे, तो देखा कि कार पार्क करने वाली जगह पर एक ऑटो खड़ा था, जिसमें तीन युवक बैठे थे। विजय ने जब उन्हें ऑटो हटाने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया।
डंडे और बेल्ट से हमला, युवती के बाल उखाड़े
विवाद इतना बढ़ा कि पास की बस्ती से आए असामाजिक तत्वों ने तीनों पर डंडे और बेल्ट से हमला कर दिया। पीड़ित युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हमलावरों ने सरेराह उसे पीटा और उसके बाल तक उखाड़ दिए। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि सड़क पर तमाशबीन बने लोग इस हिंसा को देखते रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह घटना 16 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोमवार को सार्वजनिक हुआ। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ बदमाश मारपीट कर रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल है और पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई और एफआईआर
पिपलानी थाना पुलिस ने फरियादी विजय कुमार मिश्रा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पीड़ित पक्ष के विस्तृत बयान दर्ज कर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
बढ़ती गुंडागर्दी से चिंता
भोपाल के रिहायशी इलाकों में छोटी-छोटी बातों पर होने वाली हिंसा और सरेराह महिलाओं के साथ अभद्रता की बढ़ती घटनाओं ने प्रशासन के लिए चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि शहर की शांति बनी रहे।

