मकड़ाई एक्सप्रेस 24 | रतलाम
रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। वीडियो में कुछ लोग शिक्षक को पेड़ से बांधकर थप्पड़ और रस्सी से पीटते नजर आ रहे हैं। शिक्षक रोते हुए छोड़ने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है।
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप
ग्रामीणों और छात्रा के परिजनों का आरोप है कि अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव (21) नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाकर एक झोपड़ी में ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को छुड़ाया।
पुलिस के अनुसार योगेंद्र जाटव मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में रतलाम के खारवाकला में किराए के मकान में रह रहा था और पिपल्या तुखार स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में पदस्थ था।
शिक्षक ने भी दर्ज कराई मारपीट की शिकायत
वहीं, शिक्षक योगेंद्र जाटव ने भी थाने में मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह लंच के दौरान अपनी परिचित लड़की से मिलने गया था। करीब 2:45 बजे खारवा की एक कोठड़ी के पास दो लोगों ने उसे रोक लिया और गांव की लड़की से मिलने को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
शिक्षक के अनुसार एक व्यक्ति ने लकड़ी और दूसरे ने रस्सी से मारपीट की तथा दोबारा गांव की किसी लड़की से मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। शिक्षक ने दोनों आरोपियों को पहचानने से इनकार किया है।
दोनों पक्षों पर अलग-अलग मामले दर्ज
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार मामले में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
छात्रा के परिजनों की शिकायत पर योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सर्किल जेल रतलाम भेज दिया गया।
शिक्षक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। सामने आए वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

