हरदा आदर्श महाविद्यालय, हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर के चतुर्थ दिवस बुधवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम में भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद स्वयंसेवकों द्वारा व्यायाम एवं योग अभ्यास किया गया, जिससे स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया गया। परियोजना कार्य के अंतर्गत ग्राम में स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामवासियों को स्वास्थ्य शिविर में आकर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लेने हेतु प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत मुख्य अतिथियो द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत बौद्धिक सत्र का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. फ़ज़ल खान (एएमओ, सीएचसी) एवं डॉ. विजयश्री मीणा (एएमओ, सीएचसी) उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में परामर्शदाता, उमंग स्वास्थ्य केंद्र, हरदा सुश्री पारुल काशिव व श्री गणेश सराठे तथा श्री लोकेश मंडलोई (रिजगांव स्वास्थ्य केंद्र) शामिल रहे। इस दौरान सुश्री पारुल काशिव ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और नियमित दिनचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात डॉ. फ़ज़ल खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में स्वयंसेवकों ने ग्राम संपर्क कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। शिविर का यह आयोजन ग्राम में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।
इस सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री महेंद्र सोलंकी ने किया तथा आभार रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्री तपिश सोलंकी ने व्यक्त किया। इस सम्पूर्ण शिविर में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी सुश्री छाया लोंगरे, सहायक प्राध्यापिका सुश्री वाणी धार्मिक, पूर्व स्वयंसेवक श्री जयंत राठौर, श्री रोहित, सुश्री मयूरी शर्मा, श्री विक्की ठाकुर, श्री गंभीर विश्नोई तथा सभी स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

