इंदौर। प्रेम प्रसंग के चलते भाजयुमो नेता और उसके समर्थकों ने युवकों के साथ मारपीट की। घटना के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता राऊ थाने पहुंचे और हंगामा किया। करीब आधे घंटे तक पुलिस ने दोनों पक्षों से बात कर क्रास रिपोर्ट दर्ज की है। घटना रविवार तड़के 4.30 बजे केट रोड की है। पुलिस को फरियादी (भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष) वेदांत तिवारी ने बताया कि मैं कार से अपने कुछ साथियों के साथ राऊ स्थित होटल से खाना खाकर लौट रहा था। तभी रास्ते में युवक प्रखर शर्मा और उसके दोस्त मिले। प्रखर ने मेरी कार रोकी और गालियां देने लगा। जब गालियां देने से मना किया तो वह हाथापाई करने लगा। यह देख मेरे साथी समीर शर्मा और आदित्य ने भी कार से उतरे और बचाव करने लगे। दोनों पक्षों में लात घूंसे और बेसबाल के डंडे से मारपीट हुई। घटना में प्रखर और उसके दोस्त नयन बाफना को चोट आई है।
20 दिन पहले हुआ था विवाद
फरियादी पक्ष की कार में युवती भी थी। युवती पहले प्रखर से बात करती थी। किसी कारणवश युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया। प्रखर को आंशका थी कि युवती ने मेरे कारण उससे बात करना बंद कर दिया है। इसी बात को लेकर 20 दिन पहले प्रखर ने राजेन्द्र नगर क्षेत्र में विवाद हुआ था। तब समर्थकों के हस्तक्षेप से समझौता हो गया था। संभवतया प्रखर ने इसी के चलते मारपीट की है। उधर, घटना के बाद पीड़ितों और उनके समर्थकों ने थाने पर हंगामा किया, तब जाकर पुलिस को दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज करना पड़ा।
दोनों पक्षों में प्रेम प्रसंग के चलते मारपीट की घटना हुई है। क्रास रिपोर्ट दर्ज की है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राजवीरसिंह राठौर, थाना प्रभारी राऊ।

