नई दिल्ली। लग्ज़री कस्टमाइजेशन ब्रांड कैवियार ने अपने कलेक्शन में एक नई वैलेंटाइन-थीम वाली सीरीज़ शामिल की है। कंपनी ने आईफोन 17 प्रो और प्रो मेक्स मॉडल के लिए गार्डन ऑफ ईडन नाम से तीन लिमिटेड-एडिशन डिज़ाइन पेश किए हैं। इनकी कीमत 10,000 डॉलर (लगभग 9 लाख रुपये) से शुरू होती है और हर मॉडल के केवल 14 यूनिट ही दुनिया भर में उपलब्ध होंगे। हर खरीदारी के साथ कंपनी एक वैलेंटाइन थीम वाला सोने का सिक्का भी दे रही है। गार्डन ऑफ ईडन लाइनअप में तीन डिज़ाइन चार्मिंग लोटस, गोल्डफिश और विंग्स ऑफ लव शामिल हैं। इन मॉडलों की बॉडी को 24K गोल्ड, ज्वेलरी इनेमल, नक्काशी, हीरे और नीलम जैसे प्रीमियम मटेरियल से तैयार किया गया है। सभी वेरिएंट आईफोन 17 प्रो और प्रो मेक्स के लिए 1टीबी तक स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध हैं। चार्मिंग लोटस का डिज़ाइन कमल के फूल से प्रेरित है, जिसका भारत, चीन और प्राचीन मिस्र की संस्कृति में विशेष महत्व माना गया है। भारतीय परंपरा में कमल आध्यात्मिक स्पष्टता का प्रतीक है, जबकि चीन में यह प्रेम और तालमेल को दर्शाता है। इस वेरिएंट की शुरुआती कीमत 19,630 डॉलर (करीब 17.77 लाख रुपये) है, जो इसे इस सीरीज़ का सबसे महंगा मॉडल बनाती है।
गोल्डफिश मॉडल में सोने की परत वाली घुमावदार मछलियों की आकृति बनाई गई है, जिन पर नीलम जड़े हैं। बौद्ध संस्कृति में दो मछलियों को एकता और सामंजस्य का प्रतीक माना जाता है, जबकि चीन में इन्हें खुशहाली और सौभाग्य से जोड़ा जाता है। इसकी कीमत 10,490 डॉलर (करीब 9.50 लाख रुपये) से शुरू होती है। विंग्स ऑफ लव में उड़ती अबाबील पक्षियों की नक्काशी है, जिन्हें यूरोप और एशियाई परंपराओं में वफादारी का प्रतीक माना जाता है और प्राचीन यूनान में इन्हें प्रेम की देवी एफ़्रोडाइट से जोड़ा जाता था। इस मॉडल की शुरुआती कीमत 10,340 डॉलर है। बता दें कि कैवियार कंपनी बेशकीमती रत्नों से सजे आईफोन और एक्सेसरीज बनाने के लिए दुनिया भर में मशहूर है।

