अतिरिक्त उप पुलिस अधीक्षक ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
हरदा : जिला खेल और युवा कल्याण विभाग हरदा द्वारा संचालित ‘आरोह’ अंतर्गत हैंडबॉल खेल प्रशिक्षण शिविर शास महात्मा गांधी प्रांगण में निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। अधिक तापमान होने के कारण खिलाड़ी देर रात तक हैंडबॉल खेल का अभ्यास कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खेल प्रशिक्षक श्री गौतम विश्वकर्मा अपने खेल अनुभव से खिलाड़ियों को खेल कौशल की बारीकियां सिखा रहे हैं।
खेल कोच के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ी श्री प्रतीक शर्मा, श्री हिमांशु धुर्वे एवं सीनियर खिलाड़ी श्री करण लोंगरे उपस्थित रह कर बच्चों को बाल ड्रिबलिंग करना, एक खिलाड़ी से दूसरे खिलाड़ी को विपरीत टीम से बचाव करते हुए पास करना, पास करने के बाद सैफ जोन बनाकर गोल करना आदि कौशल सिखाया जा रहा है।
खिलाड़ियों के मनोबल बढ़ाने एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से गुरूवार शाम को अतिरिक्त उप पुलिस अधीक्षक महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह उपस्थित हुई। उन्होने बच्चों से परिचय किया। परिचय के दौरान उन्होने बताया कि खिलाड़ी केवल खेल मैदान तक ही सीमित नहीं, वह खेल के माध्यम से अच्छा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर खेल कर सरकारी नौकरी में जा सकता है। आर्मी, पुलिस, रेल्वे शिक्षा विभाग में विशेष रूप से खेल कोटा भर्ती निकलती है,
जिनमें पदक विजेता खिलाड़ी नौकरी की तैयारी कर सकता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी जीवन सबसे सुखमय जीवन है, जहां बच्चा खेल से जीवन में आने वाली विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए साहस रखना सिखाता है इसलिए जीवन में खेलना ज़रूरी है। ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि हैंडबॉल खेल सन् 2016 में खेल विभाग द्वारा नियुक्त खेल प्रशिक्षक श्री विकास पांडे के द्वारा प्रारंभ किया गया था,
तब से लेकर वर्तमान में 86 खिलाड़ी राष्टीय स्तर पर खेल चुके है। वर्तमान में हैंडबॉल समिति के अध्यक्ष श्री अनीस खान और खेल प्रशिक्षकों के सहयोग से प्रतिदिन 20 से 25 खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी सुश्री रामनिवास जाट, सीनियर खिलाड़ी श्री करण लोंगरे, श्री हिमांशु धुर्वे एवं अन्य खिलाड़ी उपस्थित थे।

