टिमरनी में बस स्टेण्ड पर बस नहीं रूकने पर होगा जुर्माना
विद्या आसन एवं पोषण प्रहरी अभियान में ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता हो
रूफ वाटर हार्वेस्टिंग की दिशा में जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत – कलेक्टर श्री जैन
हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा है कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता रहे। किसी भी स्थान पर पेयजल की दिक्कत न हो। इसके साथ ही पेयजल की शुद्धता पर भी ध्यान दिया जाए। पेयजल योजनाओं का संधारण दुरूस्त रहे, संबंधित एजेन्सी यह भी सुनिश्चित करें।
सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होने कहा कि वर्षा पूर्व जल संरक्षण के इंतजामों के लिये अभी से प्रयास किये जाएं। जिले में ज्यादा से ज्यादा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाने के लिये जमीनी स्तर पर प्रयास किये जाने की जरूरत है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों का इस दिशा में 15 दिवस के अन्दर किये गये कार्यों का प्रदर्शन देखा जाएगा। बैठक में टिमरनी में सवारी बसों की यातायात व्यवस्था संबंधी शिकायत मिलने पर जिला परिवहन अधिकारी को पाबंद किया गया कि वे सवारी बसों का बस स्टेण्ड पर ठहराव सुनिश्चित करें, जो बसें बसस्टेण्ड पर नहीं रूक रहीं, उन पर जुर्माना किया जाए।
बैठक में विद्या आसन एवं पोषण प्रहरी अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि इन दोनों अभियानों में ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला अस्पताल में स्वच्छता पर ध्यान दिये जाने के भी कलेक्टर द्वारा निर्देश दिये गये। इस दौरान राजस्व विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही जनगणना कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी हरदा द्वारा बताया गया कि लगभग एक वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा एक करोड़ 25 लाख रूपये की लागत से निर्मित किये गये अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन की निर्माण गुणवत्ता खराब होने से भवन एक साल में ही अत्यंत क्षतिग्रस्त हो गया है,
जिस पर कलेक्टर ने संबंधित एजेन्सी को ठेकेदार से उक्त भवन को दुरूस्त करवाने के निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी श्री संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

