बागरुल पहाड़ी की 25-30 महिलाएं पहुंचीं हंडिया थाना, बच्चों के नशे की चपेट में आने की जताई चिंता,,,
हंडिया। ग्राम बागरुल पहाड़ी में कथित रूप से हो रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया।आज दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को करीब 25 से 30 महिलाएं एकजुट होकर हंडिया थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी के नाम आवेदन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
महिलाओं ने आवेदन में बताया कि बागरुल पहाड़ी क्षेत्र में खुलेआम शराब बिकने से आए दिन शराब पीकर आपस में विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बन रही है। इसका असर घर-परिवार पर भी पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि शराब के कारण छोटे बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें नशे की लत लगने की चिंता बनी हुई है।
मजदूरी की कमाई शराब में खर्च होने का आरोप
महिलाओं ने बताया कि वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। दिनभर मेहनत कर कमाई गई राशि शराब में खर्च होने से परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। शराब के सेवन के बाद होने वाले विवादों के चलते घरों में भी तनाव का माहौल बन रहा है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
महिलाओं ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की जांच कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इसका असर परिवारों के साथ बच्चों के भविष्य पर भी पड़ सकता है।अब देखना होगा कि महिलाओं की शिकायत पर पुलिस प्रशासन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।

