हरदा। सिटी कोतवाली पुलिस ने सर्वशिक्षा मिशन में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्लोबल ह्यूमन एम्पावरमेंट एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के डायरेक्टर वीरेंद्र मालवीय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसकी पत्नी ज्योति मालवीय, साला और भाई फरार हैं।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर 290 रुपए वसूली
आरोपी ने भोपाल में ऑफिस खोलकर अखबारों में विज्ञापन दिया। संभाग, जिला और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर जैसे पदों के नाम पर प्रदेश भर से 3200 फॉर्म भरवाए। हर युवा से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 290 रुपए वसूले गए। कुल 9.28 लाख रुपए ठगे गए।
युवाओं को गांव में 40 से 50 दिन तक काम भी कराया गया, लेकिन वेतन नहीं दिया। ठगी का अहसास होने पर गणेश, लुनिया सहित कई युवाओं ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शासकीय विभागों की तर्ज पर 4629 यूथ मैनेजर और 55 ऑपरेटर के फर्जी पद बनाए थे। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

