कृषि विभाग द्वारा अनुशंसित मात्रा में उर्वरक उपयोग करने के लिए किसानों को किया जा रहा प्रोत्साहित
हरदा : जिले में ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर ई-टोकन बुक करते समय कुछ कृषकों द्वारा आवश्यकता से अधिक उर्वरक की मात्रा का चयन कर उर्वरक क्रय किया जा रहा है। इस संबंध में कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
विभाग द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान तथा कृषि प्रसार कार्यकर्ताओं के क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसानों को फसलों की आवश्यकता, भूमि की स्थिति एवं कृषि विभाग की अनुशंसा के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर ई-टोकन बुक करते समय उर्वरक की आवश्यक मात्रा का ही चयन करें तथा संतुलित एवं अनुशंसित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें। इससे मृदा की उर्वरता बनाए रखने, उर्वरकों के उचित उपयोग और कृषि उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी।

