आंध्र प्रदेश में स्कूल के अंदर हैवानियत, क्लासरूम में चेनसॉ से 10वीं की छात्रा पर हमला, दूसरी छात्रा घायल
आंध्र प्रदेश| प्रदेश के अनंतपुर जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक सरकारी स्कूल की क्लास में पढ़ाई के दौरान 21 साल के युवक ने 10वीं कक्षा की छात्रा पर पावर चेनसॉ (पेड़ काटने वाली आरी) से हमला कर दिया। इस हमले में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बचाने आई दूसरी छात्रा भी जख्मी हो गई।
कहाँ और कैसे हुई वारदात….?
यह सनसनीखेज वारदात राप्ताडू मंडल के जिला परिषद हाई स्कूल (ZP High School) में शुक्रवार-शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। उस समय क्लास में टीचर मौजूद थी और पढ़ाई चल रही थी। आरोपी हाथ में इलेक्ट्रिक चेनसॉ लेकर सीधे क्लासरूम में घुस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने छात्रा गोपीका पर सामने से वार किया। चेनसॉ से उसके चेहरे, गर्दन, पेट और सिर पर गहरे जख्म आए हैं, उसका दाहिना हाथ भी बुरी तरह कट गया है। सहपाठी छात्राएं चीखती रहीं, तभी दूसरी छात्रा ने बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे भी घायल कर दिया।
आरोपी कौन है और पकड़ा कैसे गया…?
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम हेमंत उर्फ डुम्मू (21)है, जो श्री सत्य साईं जिले के धर्मावरम मंडल के नागुलुरू गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पीड़िता का दूर का रिश्तेदार है।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने कुछ घंटों में ही उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया।
हमले की वजह क्या…?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और प्रेम प्रस्ताव के लिए दबाव बना रहा था। छात्रा ने उसे दूर रहने की चेतावनी दी थी और परिजनों को बताने की बात कही थी। इसी रंजिश में उसने स्कूल में घुसकर यह बर्बर हमला किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि असली मकसद की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
स्कूल में मरम्मत का काम चल रहा था, इसलिए गेट पर मौजूद स्टाफ ने उसे मजदूर समझकर अंदर जाने दिया था।
सरकार का एक्शन
घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने X पर लिखा – “राप्ताडू ZP हाई स्कूल में क्लासरूम के अंदर छात्रा पर हुआ यह बर्बर हमला देखकर मैं स्तब्ध और आक्रोशित हूं। स्कूलों के अंदर हमारी बच्चियों को निशाना बनाने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।”
सीएम ने अधिकारियों को पीड़िता के इलाज के लिए बेस्ट मेडिकल सुविधा देने और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं। दोनों घायल छात्राओं को पहले अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ एक की हालत नाजुक होने पर उसे एयर एम्बुलेंस से बेंगलुरु शिफ्ट करने की तैयारी है।

