हरदा: प्रयास सामाजिक समिति, कुकरावद हरदा के तत्वावधान में शासकीय हाईस्कूल गहाल में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की चेतना’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रयास सामाजिक संस्था हरदा के सीईओ नीरज रामनारायण गुर्जर ने अखंड भारत की नींव रखने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक राष्ट्र चेतना का संदेश देते हुए बताया कि किस प्रकार युवा अपनी राष्ट्रभक्ति और छोटे-छोटे सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाजोत्थान और राष्ट्र सेवा में अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्राचार्य एन. बिल्लौरे ने भी अपने विचार रखते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने की सीख दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक रमाकांत बांके, डी. जे. साहू, एल. के. भद्रावले, और सुनील बघेले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, समिति के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील बघेले और आभार प्रदर्शन उपस्थित शिक्षक आर.बी. बांके द्वारा किया गया कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलवाई गई!

