शहर में अब तक का सबसे बड़ा ब्लास्ट, मिले 17 कोरोना मरीज, 2 लोगों की मौत के बाद आई पॉजिटिव रिपोर्ट, मैहर समेत 23 पेशेंट
अब सतना शहर के हर इलाके तक पहुंच रहा वायरस, सर्किट हाउस , पन्नी लाल चौक,रामना टोला,निशांत विहार ,गौशाला चौक ,सिंधी कैम्प में कोरोना मरीज, मैहर में 5 और उचेहरा में भी एक पेशेंट
मकडाई समाचार सतना। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस covid 19 ने सतना शहर के लगभग हर इलाके को अब अपने दायरे में ले लिया है। शहर में कोरोना काल का अब तक का सबसे बड़ा ब्लास्ट शुक्रवार को हुआ है। रीवा वायरोलॉजी लैब से आई रिपोर्ट ने होश उड़ा दिए हैं। पॉजिटिव पाए गए 23 लोगों में से अकेले 17 लोग सतना शहर के हैं जबकि 5 मैहर और 1 पॉजिटिव केस उचेहरा का है। रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही भी एक बार फिर उजागर की है। शहर के 17 पॉजिटिव में से 2 केस ऐसे भी हैं जिनकी मौत भी हो चुकी है और उनका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है।
मौत के बाद निकले दो कोरोना पॉजिटिव परिजनों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया
सतना में कोरोना को लेकर प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का सिलसिला भी संक्रमण की रफ्तार की ही तरह बढ़ता जा रहा है। राजेन्द्र नगर निवासी बसपा नेता की अस्पताल में मौत के बाद सामने आई लापरवाही की ही तरह दो और मामले भी सामने आए हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए गए 2 लोगो की मौत रिपोर्ट आने के पहले ही हो चुकी है। सुभाष पार्क के पास जूते चप्पल की दुकान चलाने वाले मुस्लिम परिवार के नजीराबाद निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत 6 अगस्त गुरुवार को जिला अस्पताल में हो गई थी जिसके बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया था। शाम को ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अब उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसी तरह शहर के ही पांडेय परिवार के 70 वर्ष के बुजुर्ग की 3 दिन पहले मौत हो गई थी और अब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। सवाल यह उठ रहा है कि जिनके सेम्पल लिए जा रहे हैं उनके शव कैसे परिजनों को सौंपे जा रहे हैं ? स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमला आखिर क्या कर रहा है ?
सर्किट हाउस जैसी vip जगह में कोरोना की एंट्री,कर्मचारी की बेटी पॉजिटिव
शहर की vip बिल्डिंग सर्किट हाउस में भी कोरोना ने एंट्री की है। सर्किट हाउस की व्यवस्था देखने वाले कर्मचारी राजेन्द्र सिंह के परिवार में उनकी बेटी में covid 19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। बेटी एक माह पहले बंगलोर से लौटी थी। हालांकि वह लौटने के बाद किसी से मिली नही लेकिन फिर पिछले दिनों तबियत कुछ नरम लगने पर उसने कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एसडीएम रघुराजनगर पीएस त्रिपाठी ने बताया कि सर्किट हाउस को सेनेटाइज कराया जा रहा है और पीछे की तरफ बने कर्मचारियो के आवासीय परिसर को सील कराया गया है।
जैन धर्मशाला के मैनेजर को कोरोना,पंन्नीलाल चौक के रेडीमेड व्यापारी के घर मे वायरस ,पटनहा मार्केट और गौशाला तक संक्रमण
शहर के बाजार क्षेत्र में बनी जैन धर्मशाला के मैनेजर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सिटी कोतवाली के पीछे रामना टोला में रहने वाले जैन परिवार के 52 वर्षीय मैनेजर की तबियत पिछले दिनों से ठीक नही थी इसलिए प्रबंधन ने उसे अवकाश पर भेज दिया था। अब उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले पन्नी लाल चौक में भी कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से बाजार में हड़कम्प मचा है। बाजार में फैशन गाइड नाम की दुकान के संचालक परिवार की 40 वर्षीया महिला कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। इसी तरह पटनहा मार्केट के बाहर बैठ कर माला गूंथने वाले गौशाला चौक निवासी सोनी परिवार के 30 वर्षीय युवक को भी कोरोना वायरस का डंक लगा है। यह युवक गौशाला चौक में शारदा इलेक्ट्रिकल्स के बाजू में रहता है।
एक्सिस बैंक के कर्मचारी , मोबाइल शॉप संचालक बंधुओ समेत सिंधी कैम्प में 3 मरीज
लॉक डाउन में भी सरकारी आदेश को ठेंगा दिखाते रहने वाले सिंधी कैम्प में भी हुई हद दर्जे की लापरवाही के नतीजे अब सामने आने लगे हैं। यहां 3 नए मरीज शिव चौक पर दयाल दास गुरुद्वारे के पीछे मिले हैं। इनमे से शिव चौक निवासी सुखेजा परिवार का 36 वर्षीय युवक एक्सिस बैंक में मार्केटिंग मैनेजर है। इसके अलावा गुरुद्वारे के पास रहने वाले जसवानी परिवार के दो सगे भाइयों को भी कोरोना वायरस ने अपनी चपेट में लिया है। मोबाइल शॉप चलाने वाले जसवानी बंधुओ में से एक की उम्र 29 तथा दूसरे की उम्र 27 वर्ष है। इनकी मां की तबियत भी ठीक नही है। बताया गया कि ये अभी बालाघाट गए थे। शुक्रवार को रिपोर्ट आने के बाद भी ये घूम रहे थे।
स्टेशन रोड का कपड़ा व्यापारी संक्रमित
पिछले तीन दिनों से कोरोना संक्रमण के रोज मिल रहे नए केसों और जबलपुर में खन्ना परिवार के सदस्य की मौत के कारण चर्चा में छाए कृष्ण नगर इलाके में फिर एक नया कोरोना पेशेंट मिला है। नारायण कुटी के पीछे रहने वाले हेमवानी परिवार के 70 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनकी स्टेशन रोड पर रेडीमेड कपड़ो की मेंस नाम से दुकान है।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष की भी रिपोर्ट पॉजिटिव ,बस स्टैंड में बिल्डिंग सील
कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार ब्राह्मण कल्याण महासंघ के अध्यक्ष भी हुए हैं। बांधवगढ़ कॉलोनी में रहने वाले समाज के 44 वर्षीय अध्यक्ष का बस स्टैंड में दफ्तर है। जिस काम्प्लेक्स में उनका ऑफिस है वहां अन्य भी दुकाने हैं। अध्यक्ष की तबियत पिछले दिनों खराब हुई थी ,बुखार आने के बाद उन्होंने बिरला अस्पताल में इलाज कराया था। चार दिन से उनका बुखार खत्म हो गया लेकिन अब रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन ने बस स्टैंड की बिल्डिंग सील कर दी है।
टिकुरिया टोला का डॉक्टर भैंसाखाना की कंपाउंडर पॉजिटिव
शहर में निजी प्रैक्टिस करने वाले एक और डॉक्टर और उनकी कंपाउंडर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। टिकुरिया टोला निवासी गौतम परिवार के 68 वर्षीय डॉक्टर का क्लिनिक भैंसा खाना में है। उनके क्लिनिक में मरीजों की भीड़ भी लगती है। इसी क्लिनिक में भैंसाखाना में ही रहने वाले शुक्ला परिवार की 54 वर्षीया महिला कंपाउंडर हैं। डॉक्टर के साथ कंपाउंडर भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।
जगतदेव तालाब, टिकुरिया टोला, निशांत विहार और ईद गाह में भी पॉजिटिव केस
शहर में एक ही दिन में सामने आए 17 पॉजिटिव केसों ने शहर में हड़कम्प मचा दिया है। इस बार वो क्षेत्र में भी संक्रमित हुए हैं जो अब तक सुरक्षित थे। जवाहर नगर ,धवारी और सिविल लाइन के बाद शहर की पॉश कॉलोनी मानी जाने वाली निशांत विहार कॉलोनी में भी क्रिश्चियन परिवार का एक 62 वर्षीय शख्स कोरोना पॉजिटिव निकला है। टिकुरिया टोला के जायसवाल परिवार की 45 वर्षीया महिला और ईदगाह के मुस्लिम परिवार के 40 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। जगतदेव तालाब के पास रहने वाले मुस्लिम परिवार की एक 17 वर्षीया किशोरी को भी कोरोना संक्रमण ने घेरा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन सब की तलाश कर रही है, क्षेत्र को सील कर रही है और मरीजों को आइसोलेट करने का इंतजाम कर रही हैं।
मैहर में कोटेदार समेत 5 पॉजिटिव केस, उचेहरा में भी महिला संक्रमित
सतना शहर के अलावा मैहर में भी कोरोना के 5 नए केस मिले हैं जबकि उचेहरा में एक 40 वर्षीय महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। तिवारी परिवार की यह महिला उचेहरा के वार्ड नंबर 2 की रहने वाली है। मैहर में अवधिया परिवार के पति पत्नी में कोरोना की पुष्टि हुई है। ये दोनो पहले से ही जबलपुर में भर्ती हैं। सतना में इनका इलाज चल रहा था और यहीं सेम्पल लिया गया था बाद में जबलपुर रेफर कर दिया गया था। अब इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैहर के वार्ड नंबर 12 में रहने वाले गुप्ता परिवार का 42 वर्षीय सदस्य कोरोना संक्रमित निकला है। वह राशन दुकान चलाता है और फिलहाल मैहर में आइसोलेट है। विवेक नगर की 33 वर्षीया विश्वकर्मा परिवार की महिला सतना में भर्ती है जबकि 53 वर्षीया तिवारी परिवार की महिला कटनी में भर्ती है।

