मकड़ाई समाचार ग्वालियर। कांग्रेस ने सोमवार को पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह व भांडेर से भाजपा प्रत्याशी रक्षा सिरोनिया के पति संतराम सिरोनिया के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो मीडिया को जारी किया है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने यह वीडियो जारी करते हुए राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया व उनके निज सचिव पुस्र्षोत्तम पाराशर पर कांग्रेस में रहते हुए 2018 के विधानसभा चुनाव का टिकिट देने के एवज में 1 करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
इस वीडियो में संतराम सिरोनिया ने स्वीकार किया है कि टिकट के लिए पुस्र्षोत्तम पाराशर के साले अनूप दांतरे के पास 25 लाख रुपये जमा कराए थे। इससे पहले भी कांग्रेस ने जून में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया व अशोक नगर से कांग्रेस प्रत्याशी आशा दोहरे की सास अनिता जैन के बीच हुई बातचीत का एक आडियो जारी कर टिकट के एवज में पुस्र्षोत्तम पाराशर द्वारा 50 लाख रुपये लिए जाने का आरोप लगाया था।
वीडियो में संतराम सिरोनिया डॉ गोविंद सिंह को बता रहे हैं कि पुस्र्षोत्तम पाराशर ने पहले टिकट के एवज में 1 करोड़ रुपये जमा कराने के लिए कहा। जब मैने कहा कि इतने पैसा जमा करा देंगे, तो चुनाव कैसे लड़ेंगे। इसके बाद 50 लाख रुपये जमा कराने के लिए कहा। इंकार करने पर पाराशर ने मुझसे से पूछा कि कितने जमा करा सकते हो। मैंने 25 से 30 लाख जमा कराने की हामी भर ली। पुस्र्षोत्तम पाराशर के कहने पर टिकट के लिए 25 लाख रुपये उनके साले अनूप दांतरे निवासी इंदरगढ़ के पास जमा कराए। अनूप दांतरे भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। केके मिश्रा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया व पुस्र्षोत्तम पाराशर के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की है
वहीं अनूप दांतरे का कहना है कि मैं अलग पार्टी में हूं और वह अलग पार्टी में थे। 2 साल पहले की कोई घटना भी है तो मुझे नहीं मालूम। हमारे बहनोई पाराशर जी ज्योतिरादित्य सिंधिया के यहां पर नौकरी करते हैं और मैं आज तक दिल्ली नहीं गया। पाराशर जी दिल्ली में ही रहते हैं। मैं दो बार भाजपा का मंडल अध्यक्ष रहा हूं। यदि ऐसा होता तो मेरे ताऊ के लड़के हैं राजेश दांतरे वे खुद भी टिकट के दावेदार थे, मैं उन्हें भी टिकट दिलवा सकता था। संतराम सिरोनिया ने मेरा नाम कैसे लिया..? यह तो वही बेहतर बता पाएंगे। मेरा इस वीडियो से कोई लेना देना नहीं है।

