मकड़ाई समाचार जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में एक महिला से दहेज की मांग कर उसके ससुराल वालों ने मारपीट की और फिर उसके जेवर लेकर उसे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। तंग आकर महिला ने मामले की शिकायत थाने में की है। पुलिस ने मामला कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शादी के दो माह बाद से करने लगे प्रताड़ित
पुलिस ने बताया कि पुरवा बरेला निवासी निशा सोनकर (20) का विवाह 10 दिसंबर 2017 में पुरवा निवासी नीरज सोनकर के साथ हुआ था। शादी में उसके मायके वालों ने दहेज दिया था। दो माह तक अच्छे से रखने के बाद उसके ससुराल वाले कम दहेज मिलने की बात कहते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। उसके ससुराल वाले 50 हजार रुपये लाने के लिए परेशान करते थे। जब वह रुपये लाने से इंकार कती, तो उसके पति उसके साथ मारपीट करते थे। प्रताड़ना से तंग होकर उसने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद उसके ससुराल वालों ने उसके मायके वालों से मिलकर समझौता कराया और दहेज की मांग नहीं करने की बात कहते हुए अच्छे से रखने को कहा था। कुछ दिन बाद उसकी सास सुविता, जेठानी पलक और रोशनी, बुआ सास रजनी, जेठ रोहित, पति नीरज ने उसे फिर से प्रताड़ित कर मारपीट करना शुरू कर दिया।
बच्चे का मुंडन कराने 20 हजार की मांग
25 फरवरी की शाम लगभग 5 बजे उसके ससुराल वालों ने कहा कि बच्चे का मुंडन कराना है मायके से 20 हजार रुपये लेकर आओ। उसने जब रुपये लाने से मना किया, तो पति, सास, जेठानी ने मारपीट कर दी। मारपीट की बात निशा ने अपनी मां को फोन करके बताई। जिसके बाद 26 फरवरी को उसकी मां और बहन ससुराल बातचीत करने आई और समझाने की कोशिश की, तो उसके ससुराल वालों ने उसकी मां और बहनों के साथ गालीगलौज की, विरोध करने पर जेठानी पलक और पति ने उसकी मां के साथ मारपीट की। जब वह बीच बचाव करने लगी, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में उसे और उसकी मां को हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। आरोपितों ने उसके जेवर उतरवाकर अपने पास रख लिए और बच्चे के साथ उसे घर से निकाल दिया।

