हरदा। सकल गुर्जर समाज समिति, जिला हरदा द्वारा शिक्षा विभाग के सहायक संचालक श्री बलवंत पटेल के जिला शिक्षा अधिकारी, खंडवा के पद पर स्थानांतरण होने के अवसर पर एक गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गुर्जर समाज समिति, हरदा एवं जिले के गुर्जर समाज के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने श्री पटेल का आत्मीय सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में श्री बलवंत पटेल द्वारा किए गए उत्कृष्ट, ईमानदार, सेवाभावी एवं अनुकरणीय कार्यों की सराहना करते हुए सकल गुर्जर समाज समिति द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि श्री पटेल ने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया तथा उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र भेंट किए गए।
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के अध्यक्ष गणेश पटवारे एवं राजेश गुर्जर ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत किया। मंचासीन अतिथियों ने अपने उद्बोधन में बलवंत पटेल के व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व की प्रशंसा करते हुए उनके नए दायित्व के सफल निर्वहन की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आर. दुगाया, जिला अध्यक्ष, सकल गुर्जर महासभा, जिला हरदा ने की। विशिष्ट अतिथियों में आर.के. यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं संयोजक, सकल गुर्जर समाज समिति जिला हरदा, बंसीलाल गुर्जर, पूर्व बीआरसीसी हरदा, श्री बांके जी, शिक्षक तथा गोविंद जी पटेल वरिष्ठ अधिकारी, हरदा उपस्थित रहे। समारोह में हरदा जिले में पदस्थ गुर्जर समाज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समाजजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन शिवप्रसाद माल्या, वरिष्ठ शिक्षक एवं समिति प्रभारी, जिला हरदा द्वारा किया गया। अंत में अनिल गुर्जर, शिक्षक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
यह समारोह शिक्षा के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के सम्मान तथा समाज में शिक्षकों के गौरव को बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ। उक्त जानकारी
शिव प्रसाद माल्या वरिष्ठ शिक्षक हरदा एवं प्रभारी गुर्जर समाज समिति द्वारा दी गई।

