दुबई। भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के साथ ही बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभिषेक अब आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर एक स्थान पर पहुंच गये हैं। उनके सबसे अधिक 907 रेटिंग अंक हो गए हैं। इससे वह वह विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के विशेष क्लब में शामिल हो गए हैं। पाक के खिलाफ सुपर फोर में तेजी से 74 रन बनाने के बाद अभिषेक की रेटिंग तेजी से ऊपर आयी है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब उनके 907 रेटिंग अंक हो गए हैं। इसी के साथ ही इतनी रेटिंग हासिल करने वाले वह तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं। इससे पहले भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव ने सबसे अधिक 912 रेटिंग अंक जबकि विराट कोहली ने 909 टी20 रेटिंग अंक हासिल किये थे।
अभिषेक ने सुपर फोर में पाक के खिलाफ 24 गेंदों में ही अर्धशतक लगा दिया था। अभिषेक टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाक के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस दौरान युवराज सिंह का रिकॉर्ड भी तोड़ा था। युवराज ने भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के दौरान 29 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। अभिषेक टी20 में सबसे तेज 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

