एसडीएम विजय राय के नेतृत्व में चला संयुक्त अभियान,बाबरी और पठाड़ा घाट पर मारी गई दबिश
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम विजय राय के निर्देशन में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दो दिनों में छापामार कार्रवाई कर पनडुब्बी से रेत निकालने में उपयोग होने वाली कुल 20 मोटरें जब्त की हैं।
प्रशासन को लंबे समय से नर्मदा नदी के तटीय ग्रामों के निवासियों द्वारा अवैध रेत उत्खनन से उत्पन्न समस्याओं को लेकर लगातार ज्ञापन और शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। ग्रामीणों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एसडीएम विजय राय ने राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के क्रम में टीम ने पहले दिन नर्मदा नदी के ग्राम बाबरी एवं पठाड़ा क्षेत्र में औचक दबिश दी। इस दौरान अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त पनडुब्बी की 11 मोटरें जब्त की गईं। कार्रवाई को जारी रखते हुए अगले ही दिन टीम ने ग्राम बाबरी घाट पर पुनः छापा मारकर 9 मोटरें और जब्त कीं। इस प्रकार दो दिनों में कुल 20 मोटरों को जब्त कर लिया है
जब्त की गई सभी मोटरों को खनिज अधिनियमों एवं वैधानिक धाराओं के तहत कार्रवाई कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए थाना शिवपुर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार शिवपुर हीरू कुमरे, नायब तहसीलदार आलोक भद्र, राजस्व निरीक्षक तोप सिंह राजपूत, पटवारी राकेश मरकाम, खनि निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल तथा थाना शिवपुर का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
एसडीएम विजय राय ने बताया कि ग्रामीणों के हितों की सुरक्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लिप्त तत्वों के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

