jhankar
ब्रेकिंग
पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेला सम्पन्न सघन जागरूकता अभियान के तहत हरदा आदर्श कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हरदा के घंटाघर बाजार में POP की गणेश प्रतिमाओं की भरमार, पर्यावरण सुरक्षा को लेकर प्रशासन की चुप्पी ... 8 वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिवार में पसरा मातम, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हरदा-खिरकिया सड़क की बदहाली पर विधायक दोगने का अल्टीमेटम, 8 दिन में मरम्मत नहीं तो आंदोलन हरदा जिले की 47 बैंक शाखाओं में लटके ताले नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत खिरकिया में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई आरवी फर्नीचर मार्ट और खाली प्लॉट से 50 हजार रुपए की अवैध स... पोला अमावस्या पर बाबा भैरवनाथ का किया आकर्षक श्रृंगार, बांटी प्रसादी - बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्ध... हरदा: पूर्व साडा अध्यक्ष एवं लोकतंत्र सेनानी शिवनारायण टांक का निधन

ग्राम मांदला में मुख्यमंत्री जन विश्वास संवाद शिविर आयोजित

हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण

हरदा : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को खिरकिया विकासखण्ड के ग्राम मांदला में क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये गये। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया।

इस दौरान विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गेहलोत, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, वनमण्डलाधिकारी ज्योति मुड़िया, जिला पंचायत सदस्य कमलेश सेजकर, अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गेहलोत ने कहा कि हमारे जीवन से जुड़ी जो भी समस्याएं है, वे किसी न किसी विभाग से जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। आमजन से अपेक्षा है कि इस अभियान का लाभ उठाएं।

कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि हमारा प्रयास होता है कि आपकी अधिकांश समस्याओं का समाधान शिविर में किया जाए किन्तु कुछ समस्याओं के निराकरण में समय लगता है। हम प्रत्येक सोमवार को आयोजित अधिकारियों की बैठक में सभी आवेदनों का बारिकी से परीक्षण कर उनके निराकरण का प्रयास करते है।

उन्होने बताया कि शिविर में हमने सभी संबंधित अधिकारियों का मोबाइल नम्बर प्रदर्शित किया है। आप अपनी शिकायतों के संबंध में इन अधिकारियों से सम्पर्क कर सकते है। उन्होने सभी अधिकारियों से कहा कि एक अच्छी गवर्नेंस का मॉडल प्रस्तुत करें, जिसमें नागरिक कम से कम परेशानी हो।

कलेक्टर ने बताया कि शिविर स्थल पर फार्मर रजिस्ट्री, समग्र व आधार में सुधार, आयुष्मान कार्ड तैयार करने जैसे कार्य किये जा रहे है,जिससे ग्रामीण अपने कार्य स्थानीय स्तर पर करा सकते हैं। कलेक्टर ने बताया कि शिविर में 552 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका समय सीमा में निराकरण कराया जा रहा है।

हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण

क्लस्टर स्तरीय जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित बागवानी यंत्रीकरण योजना के तहत 1 हितग्राही को 2.45 लाख रूपये तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 4 हितग्राहियों को कुल 2.55 लाख रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये।

इसी प्रकार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 1 हितग्राही को 50 हजार रूपये, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (स्प्रिंकलर) के तहत 2 हितग्राहियों को कुल 55 हजार रूपये तथा जिला अंत्यावसाई निगम हरदा द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना के 1 हितग्राही को 50 हजार रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये।

इसके अलावा कार्यक्रम में 5 स्वसहायता समूहों को कुल 20.56 लाख रूपये क्रेडिट लिंकेज प्रमाण-पत्र, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 4 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र, सामाजिक न्याय विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 5 हितग्राही को स्वीकृति पत्र, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 13 हितग्राहियों को जाति प्रमाण-पत्र, राजस्व विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को फौती नामांतरण तथा 2 हितग्राहियों को ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये।

इस दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित संबल योजना के तहत 2 प्रकरणों में अनुग्रह सहायता स्वीकृति पत्र तथा 5 हितग्राहियों को पंजीयन कार्ड भी प्रदान किये गये।

- Install Android App -

अधिकारियों ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

क्लस्टर स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के स्टाल भी लगाये गये थे। साथ ही आधार कार्ड पंजीयन शिविर, स्वास्थ्य शिविर, फार्मर आईडी बनाने हेतु राजस्व शिविर भी आयोजित किये गये थे।

उद्यम संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने साझा किये अनुभव

जन विश्वास कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम के तहत उद्यमियों से संवाद किया गया। उद्यम संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत हितग्राही चन्द्रगोपाल छलौत्रे ने स्कूल बस संचालन, जय राजपूत ने एमपी ऑनलाइन कियोस्क सर्विस व अमित मीणा ने बागवानी तथा स्वसहायता समूह की महिला क्षमा राजपूत ने अपने अनुभवों व योजना से प्राप्त लाभ की जानकारी को साझा किया।

इसी प्रकार ग्राम मांदला के किसान परमानन्द पंवार ने जैविक खेती के संबंध में अपनी सफलता की जानकारी साझा की। उद्यम संवाद कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा जैविक हाट बाजार के संबंध में जानकारी दी गई।

स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन शिविर की व्यवस्थाएं देखी

शासन की महत्वाकांक्षी योजना “स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन- 2026” के अंतर्गत जिला हरदा को पायलट जिले के रूप में चयनित किया गया है। इस हेतु जिले में 7 से 9 सितम्बर तक चयनित 10 ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे है।

कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने ग्राम मांदला के ग्राम पंचायत कार्यालय में आयोजित स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन शिविर में पहुँचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

हायर सेकण्ड्री स्कूल मांदला व बारंगा तथा माध्यमिक शाला मसनगांव का निरीक्षण किया

कलेक्टर जैन ने जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम मांदला व बारंगा के हायर सेकण्ड्री स्कूल तथा ग्राम मसनगांव की माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने उपस्थित विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होने शिक्षकों से अध्यापन कार्य के संबंध में पूछताछ की। स्कूलों के टायलेट का निरीक्षण किया।

एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था व स्वच्छता बनाये रखने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होने कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा ब्लेक बोर्ड की पुताई कराने के निर्देश भी दिये। ग्राम मसनगांव व बारंगा के आंगनवाड़ी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान उन्होने पोषण प्रहरी अभियान की जानकारी ली।

साथ ही आंगनवाड़ी की गतिविधियों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्राम मांदला में उचित मूल्य की दुकान का भी निरीक्षण किया।