मकड़ाई एक्सप्रेस 24 रीवा: जिले से श्री रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। गुरुवार तड़के लगभग 5 बजे, अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा के पास, श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो गाड़ी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रॉले से टकरा गई।
हादसे का कारण और मृतकों की पहचान
बताया जा रहा है कि हादसे का मुख्य कारण बोलेरो के ड्राइवर को नींद आना था। श्रद्धालुओं ने चालक को चाय पीकर आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन उसने इसे अनसुना कर दिया और गाड़ी आगे बढ़ा दी। करीब एक घंटे बाद ड्राइवर को तेज नींद आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे ट्रॉले में जा घुसी।
इस भीषण टक्कर में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें:
अंकित पटेल (25 वर्ष)
मीराबाई (50 वर्ष)
चालक राम यश मिश्र (50 वर्ष)
घायलों को इलाज के लिए किया गया रेफर
हादसे में आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जो सभी रीवा जिले के बेलाही रामपुर हाउस, झरिया थाना सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी हैं।
घायलों में तनुजा पटेल (20), चित्रसेन पटेल (45), दीपक पटेल (25), शशी पटेल (34), चंद्रकाली पटेल (50), कुसुम (32), शिवांश पटेल (3) और आशीष पटेल (25) शामिल हैं।
घायलो का इलाज जारी है
स्थानीय पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, चार घायलों (चंद्रकली पटेल, कुसुमवती, शशी पटेल और तीन वर्षीय शिवांश पटेल) को बेहतर इलाज के लिए राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर कर दिया गया है। ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. विनोद आर्या की देखरेख में सभी घायलों का इलाज जारी है।
सीएम योगी ने दिए हरसंभव मदद के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

