वाहन में 11 लोग थे सवार, पुन्नी मेला के लिए निकले थे
रायपुर। राजधानी के अभनपुर के केंद्री के पास तेज रफ्तार एसएयूवी वाहन डिवाइडर से टकरा जाने से छह महिलाओं की मौत हो गई। सभी मृतक महिलाएं भिलाई के सुभाष नगर के रहने वाली हैं। माघ पूर्णिमा पर राजिम में पुन्नी मेला में स्नान करने के लिए वाहन से महिलाएं जा रही थी।
हादसे में गंभीर रुप से घायल पांच महिलाओं और ड्राइवर को गंभीर हालत में पुलिस ने अभनपुर के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक वाहन में 11 लोग सवार थे। जो भिलाई पावर हाउस से पुन्नी मेला के लिए निकले थे। तड़के 5 से 6 के बीच यह हादसा हुआ। जिसमें चार महिलाओं की की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक को इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। एक महिला की आबेंडकर अस्पताल में मौत गई।
हादसे में इन महिलाओं की हुई मौत
अभनपुर सड़क हादसे में सुचिता साहू (65), काजल (60), सविता दास (65), रीना चौधरी (75), रीना दास (75) शामिल है। जबकि अर्चना मोला (40) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मुख्यमंत्री बघेल ने 6 महिलाओं की मृत्यु पर दुख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर जिले के अभनपुर केंद्री के पास कार दुर्घटना में छह महिलाओं की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। बघेल ने इस दुर्घटना में घायल ड्राइवर को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।