11 को खिरकिया, 12 को टिमरनी व 13 फरवरी को हरदा में लगेंगे शिविर
हरदा : भारत सरकार की कुसुम-ब योजना के तहत सिंचाई कार्य के लिये ऑफ ग्रिड सोलर पम्प की स्थापना का कार्य किया जाएगा। योजना में किसानों को 10 प्रतिशत अंशदान दिये जाने पर 30 प्रतिशत केन्द्रीय अनुदान एवं 60 प्रतिशत कृषक ऋण के रूप में लिया जाएगा। जिले में कृषक ऋण उपलब्ध कराने के लिये सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक चयनित किया गया है।
जिले में कुसुम-ब योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करने, सीआईएफ की उपलब्धता तथा डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक लोन स्वीकृति हेतु ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किये जायेंगे।
जनपद पंचायत खिरकिया में 11 फरवरी को शिविर आयोजित किया जाएगा जबकि जनपद पंचायत टिमरनी में 12 तथा जनपद पंचायत हरदा में 13 फरवरी को शिविर आयोजित होंगे। ये शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किये जायेंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन ने ऑफ ग्रिड सोलर पम्प की स्थापना के लिये कुल 361 कृषकों को प्रोत्साहित करने एवं जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये समिति गठित की है। समिति में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
साथ ही अतिरिक्त प्रभार जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी, अधीक्षण यंत्री मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी, जिला लीड बैंक प्रबन्धक तथा क्षेत्रीय प्रबन्धक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को सदस्य नियुक्त किया गया है।

