पंचायत को सूचना के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, मक्खियों का जमावड़ा और दुर्गंध से रहवासी परेशान; खबर लिखे जाने तक नहीं हटाया गया शव
हंडिया। सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या से पहले हंडिया की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जहां तैयारियां की जा रही हैं, वहीं हंडिया में सामने आया एक मामला इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 4 के पास एक गौमाता पिछले दो दिनों से मृत अवस्था में पड़ी है। आसपास मक्खियों का जमावड़ा है और दुर्गंध फैलने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी रेहान अली और अबरार अली ने बताया कि मृत गौमाता के संबंध में पंचायत को सूचना दी जा चुकी है। इसके बावजूद मृत पशु को मौके से हटाकर व्यवस्थित स्थान पर ले जाने और नियमानुसार अंतिम संस्कार कराने की व्यवस्था नहीं की गई।
अमावस्या से पहले सफाई व्यवस्था पर सवाल
सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर धार्मिक नगरी हंडिया में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ती है। ऐसे में नगर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत रहती है। लेकिन आंगनबाड़ी केंद्र जैसे सार्वजनिक स्थान के पास दो दिन से मृत गौमाता का पड़ा रहना जिम्मेदार व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
रहवासियों का कहना है कि मृत गौमाता के कारण दुर्गंध के साथ मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि जिम्मेदार अमले को मामले में तत्काल संज्ञान लेकर मृत गौमाता को वहां से हटवाकर नियमानुसार अंतिम संस्कार की व्यवस्था करानी चाहिए।
खबर लिखे जाने तक मृत गौमाता को मौके से नहीं हटाया गया था। अब देखना यह है कि पंचायत द्वारा इस मामले में कब तक कार्रवाई की जाती है और सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या से पहले नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अमला कितनी गंभीरता दिखाता है।

