Makdai Express 24 Mumbai मुंबई ब्यूरो | मुंबई के पॉश इलाके जुहू में रविवार शाम बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना पुष्पा पार्क के पास शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुई।
कैसे हुई वारदात…?
जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ एक प्राइवेट इवेंट और फुटबॉल ग्राउंड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीड़ में से बाइक पर आए 3 हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
टाइगर श्रॉफ की हालत
गनीमत रही कि टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी और वो बाल-बाल बच गए। जांच के लिए उन्हें नानावती हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह सुरक्षित बताया है। हालांकि उनकी कार के ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी है और एक ऑटो चालक भी घायल बताया जा रहा है। टाइगर खुद घायल ड्राइवर को गाड़ी चलाकर अस्पताल लेकर गए।
पुलिस की कार्रवाई
वारदात के बाद जुहू पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच हरकत में आ गई है। पुलिस ने 15 टीमों का गठन किया है और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
DCP मोहित गर्ग ने बयान जारी कर कहा है कि, “एक्टर पूरी तरह से सुरक्षित हैं, मामले की गहन जांच की जा रही है।”
बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो क्लिप में अनिल पंडित और हरमन संधू नाम के युवकों ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है।
ऑडियो में धमकी देते हुए कहा गया है कि “हमने टाइगर को पहले समझाया था, जो भी हमारी बात नहीं मानेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। यह पहला और आखिरी वार्निंग है।”
फिलहाल मुंबई पुलिस ने इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी एंगल से जांच कर रही है।

