नहरों में पानी की वितरण व्यवस्था देखीं
उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण
हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को पोषण प्रहरी अभियान के तहत हरदा के वार्ड क्रमांक 25 के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 50 एवं वार्ड क्र. 26 के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 53 में पहुँचकर कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदान किये। इस दौरान उन्होने आंगनवाड़ी केन्द्र पर संचालित गतिविधियों एवं पोषण ट्रेकर पर दर्ज जानकारी का निरीक्षण भी किया।
श्री जैन ने गहाल के माचक नहर डिस्ट्रीब्यूटरी पर पहुँचकर वहां सिंचाई जल प्रदाय व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने कहा कि किसानों को मूंग सिंचाई के लिये पर्याप्त पानी मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नहरों के प्रमुख स्थानों पर सौर ऊर्जा चलित सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिये।
कलेक्टर ने सुल्तानपुर वेयरहाउस पहुँचकर यहां 9 सहकारी समितियों द्वारा उपार्जित किये जा रहे गेहूँ की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होने मुहाल में समृद्धि वेयरहाउस में भी गेहूँ उपार्जन तुलाई, हम्माल एवं भण्डार व्यवस्था देखीं। उपार्जन केन्द्रों पर गेहूँ विक्रय करने आ रहे किसानों को उर्वरक का अग्रिम उठाव करने की भी सलाह दी।
अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम रैसलपुर में आमजन की समस्याओं को भी सुना एवं निराकरण के निर्देश दिये। ग्राम में शौचालयों की मरम्मत कराये जाने संबंधी ग्रामीणों की मांग पर पंचायत सचिव को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये। इस दौरान ग्राम मांदला में आंगनवाड़ी एवं आयुर्वेद औषधालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखी।
इसी तरह सक्तापुर में पोषण वाटिका के निरीक्षण के दौरान यहां रोपे गये पौधों में पानी देने की व्यवस्था करने के जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिये। ग्राम सक्तापुर में शिव महिमा गौशाला का निरीक्षण कर यहां शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के तहसीलदार को निर्देश दिये। साथ ही कहा कि अतिक्रमण मुक्त जमीन में पौधरोपण कराया जाए।
उन्होने गौशाला में गोबर गैस प्लान्ट लगाने के लिये भी कहा। ग्राम मुहाल में आचार्य विद्यासागर गौसवर्द्धन योजना अंतर्गत हितग्राही रघुवीर सिंह द्वारा संचालित डेयरी का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान अनुविभागीय राजस्व अधिकारी हरदा श्री अशोक डेहरिया, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

