हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति और सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्राम खेड़ा में उपार्जन केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो और उपार्जन प्रक्रिया पारदर्शी व सुचारू बनी रहे।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए ग्राम खेड़ीनीमा और नयापुरा में संचालित ‘एक बगिया माँ के नाम’ अभियान के कार्यों का भी उन्होंने अवलोकन किया। उन्होने अधिकारियों को जैविक खाद के उपयोग तथा फलदार वृक्ष लगाने के लिये नागरिकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये। उन्होने अधिकारियों को ग्रीष्म ऋतु के मौसम को ध्यान में रखते हुए पौधों की बेहतर देखरेख करने तथा पौधों की सुरक्षा हेतु तार फेंसिंग करने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर ने हंडिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 3 तथा ग्राम मांगरूल में ‘जल गंगा संवर्धन’ अभियान के तहत निर्माणाधीन रेन वॉटर हार्वेस्टिंग कार्यों का निरीक्षण किया। रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित उपयंत्री अमित चौकीकर को नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन को दिये। इस दौरान उन्होने पोषण ट्रेकर एप के माध्यम से बच्चों व गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराये जा रहे टीएचआर की जानकारी ली।
उन्होने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि बच्चों को आंगनवाड़ी में ज्ञानवर्द्धक गतिविधियां कराई जाए। उन्होने आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिये।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम नयापुरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और हंडिया स्थित पीएमश्री स्कूल का भी दौरा किया। उन्होंने वहां शिक्षा की गुणवत्ता, अधोसंरचना और छात्र-छात्राओं को मिल रही सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हंडिया में पीएम श्री स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही बरतने पर प्रधान पाठक घुड़ेराम चौरसिया का एक माह का वेतन तथा जनशिक्षक अनुप शर्मा के अनुपस्थित पाये जाने पर एक सप्ताह का वेतन काटने के निर्देश दिये।
उन्होने ग्राम नयापुरा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान वहां चल रहे एचपीवी टीकाकरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं की उपस्थिति टीकाकरण हेतु सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विश्वजीत पाटीदार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, जिला परियोजना समन्वयक श्री बलवन्त पटेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

