नर्मदा परिक्रमा पथ पर हंडिया में बनेगा आश्रय भवन
जिले से गुजरने वाले नर्मदा परिक्रमा पथ पर हंडिया में 10 लाख रूपये की लागत से परिक्रमावासियों के लिये सुविधायुक्त आश्रय भवन बनाया जाएगा। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने इस आश्रय भवन के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये हैं।
मंगलवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी को जिले में बिजली के झूलते तारों को दुरूस्त करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसी भी स्थान पर बिजली के तार झूलते हुए न हों। साथ ही इनसे कोई दुर्घटना का अंदेशा न रहे। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में दुकानों पर डस्टबिन आवश्यक रूप से रखवाए जाएं।
दुकानदारों द्वारा सड़कों पर कचरा न फेंका जाए। बैठक में संकल्प से समाधान अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संकल्प से समाधान अभियान में नियत सेवाएं पात्र हितग्राहियों को मिलें यह सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण समाधान, ग्राम पंचायतों द्वारा कर वसूली सहित फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की भी कलेक्टर ने जानकारी ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

