भोपाल। चुनाव में वोट चोरी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मार्च निकालने के दौरान उन्हें हिरासत में लेने का विरोध मध्य प्रदेश में भी शुरू हो गया है। पीसीसी के सामने भोपाल में पुतला दहन किया गया। नेताओं ने सरकार पर जम कर हमला बोला है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रेसवार्ता कर कई आरोप लगाए। वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि भाजपा चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही है। आज का दिन इतिहास में काले दिन के रूप में दर्ज होगा। पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि भारत के संविधान की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट का अधिकार है। यही अधिकार लोकतंत्र की नींव है और इसी से जनता अपने प्रतिनिधि और सरकार चुनती है। जब इस पवित्र अधिकार के साथ छेड़छाड़ होती है, तो यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक आस्था पर सीधा हमला है।
पटवारी ने बताया कि आज राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडगे के नेतृत्व में, तमाम विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ मिलकर वोट चोरी और चुनाव आयोग की पक्षपाती भूमिका के खिलाफ चुनाव आयोग से मिलने गए थे। लेकिन जनता की आवाज उठाने के बजाय, सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटते हुए सभी सांसदों को गिरफ्तार कर लिया।
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह वोट चोरी का खुलासा किया है, वह भाजपा की असलियत को सामने लाता है। लोकतंत्र की रक्षा और राहुल गांधी की ताकत को बढ़ाने के लिए देश को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। सिंघार ने कहा कि वे राहुल गांधी की गिरफ्तारी की निंदा करते हैं।

