नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 435 हो गई। गुरुवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में 66 साल के मरीज ने दम तोड़ दिया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, यह मरीज 10 अप्रैल से वेंटिलेटर पर था। राज्य में कोरोना संक्रमण से यह 13वीं मौत है। वहीं, गुजरात में संक्रमण से तीन लोगों की जान चली गई।
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को कोरोना संक्रमण से 12वीं मौत हुई। आगरा के सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज में भर्ती 45 साल के संक्रमित ने दम तोड़ दिया। आगरा में अब तक कोरोना से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन महिलाएं हैं। इसके अलावा, महाराष्ट्र और पंजाब में भी एक-एक मौत हुई। उधर, पिछले तीन दिनों में 90 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 188 लोगों की जान गई है।