खातेगांव। कांटाफोड़ क्षेत्र के किसानों की जीवन रेखा माने जाने वाला चंद्रकेशर बांध की जिनवनी की तरफ जाने वाली नहर के गेट फंसने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड रहा है।
किसान गजानंद मीणा कन्हैया जोनवाल कमल भास्कर ब्रह्मलाल मंगरोला ने बताया की चंद्रकेशर बांध की नहरो पर हमारे क्षेत्र की सिंचाई निर्भर रहती है। सिंचाई विभाग द्वारा विगत दिनो नहर से पानी तो छोडा गया लेकिन ग्राम जिनवानी जानसुर कांटाफोड़ की और जाने वाली नहर का गेट किन्ही कारणो से फंस गया है जिससे किसान विगत एक सप्ताह से परेशान है। किसानों ने बताया की हमने खेत तैयार कर नहर के पानी के भरोसे पर सूखे मे गेंहू की बोनी कर दी है अब हम पिछले लगभग छह सात दिनो से नहर का पानी आने का इंतजार कर रहे है किंतु अभी तक नहर का पानी हमारे यहाँ नही आया। हमने इस समस्या से सिंचाई विभाग के अधिकारियो को अवगत कराया लेकिन नतीजा सिफर रहा। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारीयों पर आरोप लगाते हुए कहा की नहर को छोडने के पहले नहर की साफ सफाई भी की जाती है किंतु हमारे तरफ की नहर मे कोई सफाई कार्य नही किया गया। यदि समय रहते साफ सफाई एवं गेट की मरम्मत कर ली जाती तो हमे सिंचाई के पानी की समस्या से रूबरू नही होना पडता।

