हरदा। मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व युवा प्रदेश सचिव एवं विधायक प्रतिनिधि सिद्धांत तिवारी ने अपने ग्राम पंचायत हंडिया विधायक प्रतिनिधि पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण व्यक्तिगत कारण बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंतरात्मा में बसी है। हमेशा रहेंगे।
हालांकि, उनके इस अचानक फैसले के बाद जिले की राजनीति में चर्चाओं और अटकलों का दौर तेज हो गया है।
सिद्धांत तिवारी लंबे समय से कांग्रेस संगठन के सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं। पार्टी के विभिन्न आंदोलनों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कांग्रेस के युवा चेहरे के रूप में उन्होंने जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभी तक न तो सिद्धांत तिवारी ने अपने फैसले के पीछे कोई अन्य कारण सार्वजनिक किया है और न ही कांग्रेस संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस इस्तीफे के राजनीतिक मायने और इसके पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल, कांग्रेस के एक सक्रिय चेहरे के इस कदम ने जिले की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है और सभी की नजर आगे की राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी हुई है।

